CCTV और तकनीकी निगरानी की मदद से खुला राज, पुलिस ने लूटी गई पूरी रकम बरामद की
अजय शर्मा: दिल्ली पुलिस के आउटर नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट अंतर्गत पुलिस स्टेशन बवाना की टीम ने तेज कार्रवाई करते हुए ₹17.75 लाख की सनसनीखेज लूट के मामले को कुछ ही घंटों में सुलझा लिया। पुलिस ने मामले में लूटी गई पूरी नकदी भी बरामद कर ली है।
पुलिस के अनुसार, 11 मई 2026 को डीएसआईआईडीसी बवाना सेक्टर-2 गोल चक्कर के पास लूट की सूचना PCR कॉल के माध्यम से मिली थी। शिकायतकर्ता नरेश ने बताया कि वह अपने मालिक की नकदी लेकर काली इनोवा कार (DL11CE8478) चला रहा था, तभी मोटरसाइकिल सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने पत्थर मारकर कार का शीशा तोड़ दिया और करीब 18 लाख रुपये लूटकर फरार हो गए।
घटना के बाद पुलिस स्टेशन बवाना में FIR नंबर 241/26 भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत दर्ज की गई और तुरंत जांच शुरू कर दी गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए SI विष्णु, HC जितेंद्र, HC पंकज और Ct. मनोज की विशेष टीम गठित की गई। इस टीम का नेतृत्व गौरव सिंह (कार्यवाहक SHO/बवाना) ने किया। जांच की निगरानी हरेश्वर स्वामी द्वारा की गई, जबकि ऑपरेशन का समग्र निर्देशन विजय सिंह ने किया।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने CCTV फुटेज, तकनीकी निगरानी और शिकायतकर्ता की गतिविधियों का बारीकी से विश्लेषण किया। हालांकि घटनास्थल पर सीधे CCTV कैमरे मौजूद नहीं थे, लेकिन आसपास के कैमरों से मिले फुटेज ने पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग दिए।
पुलिस जांच में सामने आया, कि इस पूरी साजिश का मास्टरमाइंड खुद ड्राइवर नरेश ही था। उसने अपने साथियों के साथ मिलकर नकदी लूट की झूठी कहानी रची थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों को पकड़ लिया और ₹17.75 लाख की पूरी रकम बरामद कर ली।
दिल्ली पुलिस, की इस त्वरित कार्रवाई और पेशेवर जांच की क्षेत्र में काफी सराहना हो रही है।

