अजय शर्मा: आम आदमी को महंगाई का एक और बड़ा झटका लगा है। देशभर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 3-3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी कर दी गई है। नई दरें आज 15 मई 2026 से लागू हो गई हैं। करीब दो साल बाद ईंधन की कीमतों में यह बढ़ोतरी की गई है।
नई कीमतों के अनुसार, राजधानी दिल्ली में अब पेट्रोल 97.77 रुपये प्रति लीटर जबकि डीजल 90.67 रुपये प्रति लीटर बिकेगा। पेट्रोलियम कंपनियों द्वारा जारी नई दरों के बाद वाहन चालकों और आम लोगों की जेब पर सीधा असर पड़ने की संभावना जताई जा रही है।
सिर्फ पेट्रोल और डीजल ही नहीं, बल्कि CNG की कीमतों में भी इजाफा किया गया है। प्रमुख शहरों में CNG करीब 2 रुपये प्रति किलो तक महंगी हो गई है। दिल्ली में अब एक किलो CNG के लिए लोगों को 79.09 रुपये चुकाने होंगे।
विशेषज्ञों का मानना है कि ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी का असर ट्रांसपोर्टेशन और रोजमर्रा की जरूरतों की वस्तुओं पर भी पड़ सकता है। ऐसे में आने वाले दिनों में महंगाई और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
वहीं आम लोगों का कहना है कि लगातार बढ़ती महंगाई के बीच ईंधन की कीमतों में इजाफा उनके घरेलू बजट को और प्रभावित करेगा। सोशल मीडिया पर भी पेट्रोल-डीजल और CNG की बढ़ी कीमतों को लेकर लोगों की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।

