वजीराबाद में दर्दनाक हादसा, परिवार ने पूल संचालक पर लगाए लापरवाही के आरोप
असल न्यूज़: उत्तर दिल्ली के वजीराबाद इलाके में रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 10 वर्षीय बच्चे की स्विमिंग पूल में डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान संस्कार वर्मा के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों ने स्विमिंग पूल संचालक पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के मुताबिक, संस्कार अपने परिवार के साथ बुराड़ी इलाके में रहता था और स्थानीय स्कूल में छठी कक्षा का छात्र था। उसके पिता नीरज वर्मा ऑटोमोबाइल कारोबार से जुड़े हैं। रविवार सुबह सुशांत विहार इलाके से करीब 20 बच्चे वजीराबाद के मिलन विहार स्थित एक स्विमिंग पूल में नहाने के लिए गए थे। बच्चों को जाते देख संस्कार ने भी वहां जाने की जिद की, जिसके बाद उसके पिता उसे स्विमिंग पूल छोड़कर घर लौट आए।
करीब आधे घंटे बाद, संस्कार के पिता के पास फोन आया कि उनका बेटा पूल में नहाते समय बेहोश हो गया है। सूचना मिलते ही परिवार तुरंत अस्पताल पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने संस्कार को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने दर्ज किया केस
डीसीपी नॉर्थ राजा बांठिया ने बताया कि वजीराबाद थाने में स्विमिंग पूल संचालक और अन्य लोगों के खिलाफ लापरवाही से मौत की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में पानी में डूबने से मौत की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत के सही कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
परिवार का आरोप- पूल में नहीं थे सुरक्षा इंतजाम
मृतक के पिता नीरज वर्मा ने आरोप लगाया कि स्विमिंग पूल अवैध तरीके से बोरवेल के पानी से संचालित किया जा रहा था। उन्होंने कहा कि पूल में बच्चों की सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं थे। वहां न तो लाइफ गार्ड मौजूद था और न ही लाइफ जैकेट जैसी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध थीं।
परिवार का कहना है, कि स्विमिंग पूल संचालक की लापरवाही के कारण उनके बेटे की जान गई। संस्कार की मां सोनम ने बताया कि उनका बेटा बड़ा होकर इंजीनियर बनना चाहता था।
परिवार ने की सख्त कार्रवाई की मांग
हादसे के बाद परिवार और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। परिजनों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

