प्रदीप सिंह उज्जैन: राजधानी दिल्ली के किराड़ी गांव से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक महिला ने कथित तौर पर गांव के तालाब में कूदकर अपनी जान दे दी. इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. मिली जानकारी के अनुसार महिला पिछले काफी समय से डिप्रेशन से जूझ रही थी.
घटना 20 मई की रात की बताई जा रही है, जैसे ही महिला के तालाब में कूदने की सूचना लोगों को मिली, मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और पुलिस को सूचना दी गई. सूचना मिलते ही गोताखोरों और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची. देर रात तक तालाब में महिला की तलाश की गई,
लेकिन अंधेरा और तालाब, की ज्यादा गहराई होने के कारण महिला का कोई सुराग नहीं मिल सका. इसके बाद 21 मई की सुबह एक बार फिर सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया. फायर ब्रिगेड और गोताखोरों की टीम ने कई घंटों तक लगातार रेस्क्यू अभियान चलाया, जिसके बाद महिला का शव तालाब से बाहर निकाला गया.
महिला की पहचान 65 वर्षीय कौशल्या के रूप में हुई है, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों और परिजनों से पूछताछ कर मामले की जांच में जुटी हुई है. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई कर रही है.

