असल न्यूज़: जयपुर में NEET पेपर लीक मामले को लेकर NSUI के नेतृत्व में बड़ा विरोध प्रदर्शन किया गया। इस प्रदर्शन में सैकड़ों की संख्या में छात्र और NSUI कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने ‘BAN NTA’ और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर जयपुर की सड़कों पर मार्च निकाला।
इस विशाल आंदोलन का नेतृत्व NSUI के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने किया, हजारों छात्र ‘गुर्जर की थड़ी’ से ‘त्रिवेणी चौराहा’ तक पैदल मार्च में शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने आरोप लगाया कि लगातार हो रहे पेपर लीक से देशभर के लाखों युवाओं का भविष्य खतरे में पड़ गया है।
प्रदर्शनकारियों की मुख्य मांग थी, कि नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) को तत्काल भंग किया जाए। छात्रों का आरोप है कि परीक्षाओं में धांधली और भ्रष्टाचार के कारण NTA की विश्वसनीयता खत्म हो चुकी है। इसके साथ ही केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की भी मांग की गई।
इस आंदोलन के दौरान, जयपुर में चल रहे IPL मैच में भी NSUI कार्यकर्ताओं ने विरोध दर्ज कराया। स्टेडियम के अंदर ‘BAN NTA’ लिखे प्लेकार्ड्स दिखाकर छात्रों ने अपनी आवाज बुलंद की।
कांग्रेस नेता सचिन पायलट, समेत कई नेताओं ने आंदोलन का समर्थन करते हुए सरकार से जवाबदेही तय करने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने बैरिकेडिंग की और प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए वॉटर कैनन का भी इस्तेमाल किया।

