नीति सैन। थाना मुखर्जी नगर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मध्य प्रदेश के इंटरस्टेट चोरी गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने 800 किलोमीटर तक पीछा कर चार शातिर चोरों और एक रिसीवर को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 99 हजार नकद, एक आईफोन, मोटरसाइकिल, चांदी की पायल और चोरी के जेवरात बरामद किए गए हैं।
यह मामला 26 अप्रैल 2026 को धीरपुर गांव में हुई बड़ी चोरी से जुड़ा है, जहां बदमाशों ने घर में घुसकर करीब 30 तोला सोने के गहने, 500 ग्राम चांदी और ₹2.5 लाख नकद चोरी कर लिए थे। मामले में थाना मुखर्जी नगर में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने सैकड़ों CCTV फुटेज खंगाले और तकनीकी निगरानी व लोकल इंटेलिजेंस की मदद से आरोपियों की पहचान की। जांच में पता चला कि आरोपी मध्य प्रदेश के इंदौर स्थित सिकलीगर समुदाय से जुड़े हैं, जो डुप्लीकेट चाबी बनाने और ताले खोलने में माहिर माने जाते हैं।
यह भी देखें:-
इसके बाद पुलिस टीम ने इंदौर में छापेमारी कर चारों आरोपियों — मलखान सिंह, पूनम सिंह, प्रेम उर्फ प्रेमजीत और किरपाल — को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे दिल्ली आकर होटल में रुकते थे और चोरी के लिए पहले रेकी करते थे। वारदात को अंजाम देने के लिए वे दिल्ली से चोरी की बाइक इस्तेमाल करते थे।
आरोपियों ने यह भी बताया कि चोरी के बाद उन्होंने गहनों को इंदौर के एक सुनार हमेंद्र पांडेय को बेच दिया था। पुलिस ने हमेंद्र पांडेय को भी गिरफ्तार कर उसके कब्जे से सोने के पेंडेंट, लॉकेट, बालियां और अन्य जेवर बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपियों का नेटवर्क कई राज्यों में सक्रिय है और देशभर में चोरी की वारदातों में शामिल रहा है। मामले की आगे की जांच जारी है।

