असल न्यूज़: देश में पेट्रोल और डीज़ल की बढ़ती कीमतों ने आम लोगों की चिंता और बढ़ा दी है। मध्य पूर्व में जारी तनाव का असर अब सीधे भारतीय बाजार पर दिखाई देने लगा है। ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने पिछले 10 दिनों में चौथी बार ईंधन के दाम बढ़ाए हैं।
इस ताजा बढ़ोतरी, के बाद राजधानी दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 100 रुपये प्रति लीटर के पार पहुंच गई है।
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, दिल्ली में पेट्रोल की कीमत में 2 रुपये 61 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई है। इसके बाद अब दिल्ली में पेट्रोल 102.12 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है।
वहीं डीज़ल की कीमत में 2 रुपये 71 पैसे प्रति लीटर का इजाफा हुआ है, जिसके बाद दिल्ली में डीज़ल 95.20 रुपये प्रति लीटर हो गया है।
देश के बड़े शहरों में पेट्रोल के नए दाम
- दिल्ली – ₹102.12 प्रति लीटर
- कोलकाता – ₹113.51 प्रति लीटर
- मुंबई – ₹111.21 प्रति लीटर
- चेन्नई – ₹107.77 प्रति लीटर
10 दिनों में चौथी बार बढ़े दाम
इससे पहले 23 मई को भी पेट्रोल और डीज़ल की कीमतों में बढ़ोतरी की गई थी। उस समय पेट्रोल 87 पैसे और डीज़ल 91 पैसे प्रति लीटर महंगा हुआ था।
सबसे पहली बढ़ोतरी 15 मई को हुई थी, जब पेट्रोल और डीज़ल के दामों में 3 रुपये प्रति लीटर का इजाफा किया गया था। इसके बाद 19 मई को करीब 90 पैसे की दूसरी बढ़ोतरी हुई।
अब 25 मई को चौथी बार कीमतें बढ़ाई गई हैं।
अब तक कितना महंगा हुआ पेट्रोल-डीज़ल?
चार बार की बढ़ोतरी के बाद:
- पेट्रोल कुल 7 रुपये 41 पैसे प्रति लीटर महंगा हो चुका है।
- डीज़ल कुल 7 रुपये 51 पैसे प्रति लीटर बढ़ चुका है।
चुनाव के बाद बढ़ी कीमतें
पश्चिम बंगाल, असम, केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव खत्म होने के बाद ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने तेल कीमतों में लगातार बढ़ोतरी शुरू की। माना जा रहा है कि कंपनियां अपने घाटे की भरपाई के लिए यह कदम उठा रही हैं।
लगातार बढ़ती कीमतों का असर आम जनता की जेब पर साफ दिखाई देने लगा है,। आने वाले दिनों में अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की स्थिति के आधार पर कीमतों में और बदलाव संभव है।

