असल न्यूज़: दिल्ली के भलस्वा डेयरी इलाके से इंसानियत को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। यहां दूसरी बेटी होने से नाराज एक पिता ने अपनी 10 महीने की मासूम बच्ची की कथित तौर पर हत्या कर दी। आरोपी ने बच्ची को जिंदा ही सेप्टिक टैंक में फेंक दिया, जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई।
पुलिस ने आरोपी पिता दीपक को गिरफ्तार कर लिया है,। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी अपनी दूसरी बेटी के जन्म से नाराज था।
अपहरण की झूठी कहानी रची
जानकारी के मुताबिक आरोपी अपनी पत्नी, 10 महीने की बच्ची और 5 साल की बड़ी बेटी के साथ भलस्वा डेयरी इलाके में रहता था। रविवार सुबह उसने पुलिस को सूचना दी कि उसकी छोटी बेटी का अपहरण हो गया है।
आरोपी ने बताया कि वह सुबह करीब 5 बजे दूध लेने बाहर गया था,। इस दौरान उसकी पत्नी बड़ी बेटी को सुलाते-सुलाते सो गई। छोटी बच्ची कमरे में बोतल से दूध पी रही थी। कुछ देर बाद जब वह लौटा तो बच्ची गायब मिली। परिवार ने तलाश की तो गली में बच्ची की दूध की बोतल पड़ी मिली।
इसके बाद आरोपी खुद थाने पहुंचा और बच्ची के अपहरण की शिकायत दर्ज कराई।
CCTV फुटेज से खुली साजिश
मामले की गंभीरता, को देखते हुए पुलिस ने अपहरण का केस दर्ज कर कई टीमों को जांच में लगाया। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई और स्थानीय लोगों से पूछताछ की गई।
जांच के दौरान एक अहम CCTV फुटेज सामने आई, जिसमें आरोपी पिता खुद बच्ची को लेकर जाता दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस को उस पर शक हुआ और उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पूछताछ में कबूला जुर्म
पुलिस की सख्त पूछताछ में आरोपी टूट गया और उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया। पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपी ने बताया कि दूसरी बेटी होने से वह नाराज था। इसी वजह से उसने बच्ची को जिंदा सेप्टिक टैंक में फेंक दिया।
पुलिस देर रात तक आरोपी, की निशानदेही पर बच्ची के शव की तलाश में जुटी रही। वहीं इस पूरे मामले में बच्ची की मां की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
इस दर्दनाक घटना के सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है,। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

