असल न्यूज़: उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। बेतवा नदी पर निर्माणाधीन पुल का एक हिस्सा तेज आंधी के दौरान गिर गया, जिसकी चपेट में आने से पुल के नीचे सो रहे 6 मजदूरों की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में शोक और अफरा-तफरी का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बेतवा नदी पर पुल निर्माण का कार्य चल रहा था। बताया जा रहा है कि देर रात आए तेज आंधी-तूफान के दौरान निर्माणाधीन ढांचे का एक हिस्सा अचानक भरभराकर गिर पड़ा। हादसे के समय कुछ मजदूर पुल के नीचे आराम कर रहे थे, जो मलबे की चपेट में आ गए।
स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया, मलबे में दबे मजदूरों को बाहर निकाला गया, लेकिन छह मजदूरों की जान नहीं बचाई जा सकी। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए।
हादसे के बाद निर्माण कार्य की गुणवत्ता, और सुरक्षा मानकों को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि पुल का हिस्सा किन परिस्थितियों में गिरा।
अधिकारियों का कहना है, कि मृतकों के परिजनों को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। वहीं दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जाएगी और यदि किसी स्तर पर लापरवाही पाई गई तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है, और लोग इस दुखद हादसे में जान गंवाने वाले मजदूरों के प्रति संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।

