असल न्यूज़: राजधानी पटना के मुसल्लहपुर हाट इलाके में स्थित चर्चित शिक्षक खान सर के कोचिंग संस्थान के बाहर बुधवार को जमकर हंगामा हुआ। दो कोचिंग संस्थानों के छात्रों के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते पथराव और कथित फायरिंग तक पहुंच गया। घटना में खान क्लासेस का एक सुरक्षा गार्ड घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
छात्रों के बीच विवाद ने लिया हिंसक रूप
प्राप्त जानकारी के अनुसार, खान क्लासेस और ज्ञान बिंदु कोचिंग के छात्रों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों के छात्र और कुछ असामाजिक तत्व आमने-सामने आ गए। इसके बाद इलाके में जमकर पथराव हुआ और कई राउंड फायरिंग किए जाने का भी आरोप लगाया गया।
घटना के दौरान इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों ने अपनी सुरक्षा के लिए इधर-उधर भागकर जान बचाई। उपद्रवियों द्वारा खान क्लासेस का बैनर फाड़े जाने की भी सूचना है।
मौके पर पहुंची पुलिस की कई टीमें
घटना की जानकारी मिलते ही पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP), पुलिस अधीक्षक (SP) और स्थानीय थाना पुलिस की कई टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
कदमकुआं थाना प्रभारी जन्मजेय कुमार ने बताया, कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर फायरिंग के आरोप लगाए हैं। खान क्लासेस की ओर से लिखित शिकायत दी गई है, जबकि ज्ञान बिंदु कोचिंग पक्ष ने भी खान क्लासेस के लोगों पर गोली चलाने का आरोप लगाया है।
खान सर ने जताई सुरक्षा को लेकर चिंता
घटना के बाद खान सर ने कहा कि उनकी संस्था कम फीस में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराती है और लगातार अच्छे परिणाम दे रही है। उनका आरोप है कि इसी वजह से कुछ लोगों को परेशानी हो रही है।
उन्होंने कहा कि हमलावरों ने उनके कार्यालय में तोड़फोड़ की और गोलियां चलाईं। साथ ही दावा किया कि सीसीटीवी फुटेज पुलिस को सौंप दिए गए हैं और सुरक्षा गार्ड ने कुछ हमलावरों की पहचान भी की है।
खान सर ने प्रशासन से अपने संस्थान और छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच
पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि वीडियो के आधार पर उपद्रवियों की पहचान की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पटना के एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा ने बताया, कि फिलहाल मामला मारपीट और हिंसक झड़प से जुड़ा प्रतीत होता है। घायल गार्ड का इलाज चल रहा है और उसके बयान सहित अन्य प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
फिलहाल स्थिति नियंत्रण में
पुलिस के अनुसार इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिए गए हैं और स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है। जांच पूरी होने के बाद घटना की वास्तविक परिस्थितियों और जिम्मेदार लोगों की पहचान स्पष्ट हो सकेगी।

