असल न्यूज़: हरियाणवी डांसर और गायिका सपना चौधरी एक बार फिर अपनी निजी जिंदगी को लेकर सुर्खियों में हैं। सपना चौधरी ने अपने पति और हरियाणवी गायक वीर साहू के खिलाफ मारपीट और मानसिक प्रताड़ना के आरोप लगाते हुए दिल्ली की द्वारका महिला कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है।
मंगलवार को मामले, की प्रारंभिक सुनवाई के दौरान अदालत ने सपना चौधरी को अंतरिम राहत प्रदान की। कोर्ट ने वीर साहू को अगली सुनवाई तक सपना चौधरी से किसी भी प्रकार का संपर्क करने, उनके घर या कार्यस्थल पर जाने तथा प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से परेशान करने से रोक दिया है।
अदालत में पेश किए गए इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य
सपना चौधरी की ओर से अदालत के समक्ष वीडियो, ऑडियो और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य भी पेश किए गए हैं। इन साक्ष्यों को देखते हुए अदालत ने मामले को सुनवाई योग्य माना और अगली सुनवाई के लिए 25 जुलाई की तारीख तय की है।
ससुराल छोड़ मायके में रह रहीं सपना
सूत्रों के अनुसार, वैवाहिक विवाद बढ़ने के बाद सपना चौधरी अपने ससुराल से अलग हो चुकी हैं। वर्तमान में वह द्वारका एक्सप्रेस-वे क्षेत्र स्थित अपने मायके में रह रही हैं। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच लंबे समय से मतभेद चल रहे थे, जिसके बाद मामला अदालत तक पहुंच गया।
2020 में हुई थी शादी
सपना चौधरी और वीर साहू ने वर्ष 2020 में प्रेम विवाह किया था। दोनों के दो बेटे हैं। सपना चौधरी हरियाणा के हिसार जिले से संबंध रखती हैं, जबकि वीर साहू हरियाणवी संगीत जगत का जाना-माना नाम हैं।
25 जुलाई को होगी अगली सुनवाई
फिलहाल अदालत ने सपना चौधरी को अंतरिम संरक्षण प्रदान करते हुए वीर साहू पर कई प्रतिबंध लगाए हैं। अब इस मामले में अगली सुनवाई 25 जुलाई को होगी, जहां दोनों पक्षों की दलीलों और प्रस्तुत साक्ष्यों पर विस्तार से विचार किया जाएगा।
इस संबंध में सपना चौधरी से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने इस मामले पर कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।

