असल न्यूज़। ईस्ट डिस्ट्रिक्ट एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वाड (AATS) ने वाहन चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने एक सक्रिय ऑटो लिफ्टर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से दो चोरी के दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। इस कार्रवाई से ईस्ट जिले के दो वाहन चोरी के मामलों का खुलासा हुआ है।
पुलिस के अनुसार, AATS टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि एक सक्रिय वाहन चोर चोरी की होंडा एक्टिवा पर सवार होकर संडे बाजार रोड, कोंडली से गुजरने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस ने जाल बिछाया। आरोपी को रोकने का प्रयास किया गया तो उसने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस टीम ने पीछा कर उसे दबोच लिया।
जांच में बरामद होंडा एक्टिवा थाना लक्ष्मी नगर क्षेत्र से चोरी की निकली। पूछताछ के दौरान आरोपी ने कई वाहन चोरी की वारदातों में शामिल होने की बात स्वीकार की और उसकी निशानदेही पर थाना मंडावली क्षेत्र से चोरी हुई हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान रोहन सिंह उर्फ अमन (18 वर्ष) निवासी ईस्ट विनोद नगर, दिल्ली के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी ईस्ट दिल्ली में खड़े दोपहिया वाहनों को निशाना बनाता था।
फिलहाल पुलिस आरोपी के अन्य साथियों और वाहन चोरी के अन्य मामलों में उसकी संलिप्तता की जांच कर रही है।

