असल न्यूज़। रोहिणी जिले की स्पेशल स्टाफ टीम ने अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 1,200 क्वार्टर अवैध शराब और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक कार बरामद कर जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, रोहिणी जिले में अवैध शराब की बिक्री और तस्करी पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में स्पेशल स्टाफ को सूचना मिली कि प्रेम नगर थाना क्षेत्र में एक कार के जरिए अवैध शराब की खेप ले जाई जा रही है।
सूचना के आधार पर इंस्पेक्टर संदीप गोदारा के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल विकास, मंदीप, विनोद तथा कांस्टेबल अजय और विनीत की टीम ने घेराबंदी कर संदिग्ध कार को रोक लिया। कार चालक की पहचान श्री भगवान (52 वर्ष), निवासी रानी खेड़ा, दिल्ली के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान कार से 1,200 क्वार्टर अवैध शराब बरामद हुई। इसके बाद एफआईआर संख्या 367/2026 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 33/38/58 में मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी पहले भी आबकारी अधिनियम के दो मामलों में शामिल रह चुका है। मामले की आगे की जांच जारी है।

