प्रदीप सिंह उज्जैन। बाहरी उत्तरी जिला पुलिस ने अवैध शराब की बिक्री और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। बवाना थाना पुलिस ने एक महिला शराब तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से हरियाणा में बिक्री के लिए बनी 200 क्वार्टर अवैध देसी शराब बरामद की है। इस संबंध में दिल्ली आबकारी अधिनियम की धारा 33 के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
गश्त के दौरान मिली सफलता
पुलिस के अनुसार कांस्टेबल राहुल कुमार बवाना बीट क्षेत्र में अपराध की रोकथाम के लिए गश्त पर थे। इसी दौरान श्मशान घाट के पास स्थित पुलिया के निकट एक महिला सफेद प्लास्टिक के कट्टे के साथ संदिग्ध अवस्था में बैठी दिखाई दी।
महिला की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर कांस्टेबल राहुल कुमार ने तत्काल बवाना थाने के ड्यूटी ऑफिसर को सूचना दी। सूचना मिलते ही हेड कांस्टेबल दिनेश कुमार और महिला कांस्टेबल सरिता मौके पर पहुंचे और महिला से पूछताछ की।
200 क्वार्टर अवैध शराब बरामद
तलाशी के दौरान महिला के कब्जे से “SANTRA DESI SHARAB FOR SALE IN HARYANA ONLY (180 ML)” लेबल वाली 200 क्वार्टर अवैध देसी शराब बरामद हुई। पूछताछ के दौरान महिला शराब रखने या परिवहन करने से संबंधित कोई वैध लाइसेंस या परमिट प्रस्तुत नहीं कर सकी।
गिरफ्तार महिला की पहचान सरोज (36 वर्ष), पत्नी विनोद, निवासी इंद्राज कॉलोनी, बवाना, दिल्ली के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी महिला पहले भी आबकारी अधिनियम के एक मामले में शामिल रह चुकी है।
पुलिस कर रही सप्लाई नेटवर्क की जांच
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी के पास इतनी बड़ी मात्रा में अवैध शराब कहां से आई और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। साथ ही अवैध शराब की सप्लाई और वितरण नेटवर्क का भी पता लगाया जा रहा है।
यह कार्रवाई एसीपी बवाना जोगेंद्र सिंह की निगरानी तथा एसएचओ बवाना इंस्पेक्टर अखिलेश बाजपेयी के नेतृत्व में की गई।
बाहरी उत्तरी जिला पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री और तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

