Monday, September 21, 2026
Google search engine
Homecrime newsनॉर्थ-वेस्ट दिल्ली पुलिस का बड़ा एक्शन, 390 मोबाइल, 66 दोपहिया वाहन, 19...

नॉर्थ-वेस्ट दिल्ली पुलिस का बड़ा एक्शन, 390 मोबाइल, 66 दोपहिया वाहन, 19 अवैध हथियार बरामद, 23 आरोपी गिरफ्तार

ऑपरेशन प्रहार: नॉर्थ-वेस्ट दिल्ली पुलिस ने 390 मोबाइल, 66 वाहन, 19 हथियार बरामद, 23 आरोपी गिरफ्तार

नीति सैन। नॉर्थ-वेस्ट जिला पुलिस ने ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत 72 घंटे तक चलाए गए विशेष अभियान में स्ट्रीट क्राइम के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 23 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अभियान के दौरान पुलिस ने 390 चोरी और स्नैचिंग किए गए मोबाइल फोन, 66 चोरी के दोपहिया वाहन, 19 अवैध हथियार, 21 चाकू, करीब ₹62 लाख के सोने-चांदी के आभूषण और ₹65 हजार नकद बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, पूरे जिले में गहन गश्त, तकनीकी निगरानी, खुफिया सूचना और विशेष जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान चोरी, स्नैचिंग, लूट, वाहन चोरी और अवैध हथियारों से जुड़े कई मामलों का सफलतापूर्वक खुलासा किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में दो विधि-विरुद्ध बालक (CCL) भी शामिल हैं।

एंटी-बर्गलरी सेल ने किया मोबाइल रिसीवर गिरोह का भंडाफोड़

एंटी-बर्गलरी सेल ने सुभाष प्लेस इलाके में चोरी के एक मामले का कुछ ही घंटों में खुलासा करते हुए दो शातिर चोर ध्रुव उर्फ कुनाल और पंकज उर्फ पोली को गिरफ्तार किया। जांच के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर चोरी और स्नैचिंग के 54 मोबाइल फोन, लगभग ₹12 लाख के सोने-चांदी के आभूषण, ₹65 हजार नकद तथा अपराध में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की गई।

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ध्रुव की मां ने चोरी के सोने के गहनों को अपनी पहचान के दस्तावेजों के आधार पर गोल्ड लोन कंपनी में गिरवी रखा था। पुलिस ने उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई से स्नैचिंग और चोरी के 22 मामलों का खुलासा हुआ।

अशोक विहार में दो स्नैचर दबोचे

अशोक विहार थाना पुलिस ने गश्त के दौरान दो कुख्यात स्नैचरों आदित्य उर्फ गोलू और इम्तियाज को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से एक देसी पिस्तौल, एक जिंदा कारतूस, एक बटनदार चाकू, चोरी का मोबाइल फोन और चोरी की स्कूटी बरामद हुई। दोनों आरोपी कई आपराधिक मामलों में पहले से शामिल रहे हैं।

पैरोल जंपर समेत कई शातिर अपराधी गिरफ्तार

आदर्श नगर थाना पुलिस ने पैरोल पर बाहर आए और फरार चल रहे शातिर अपराधी सद्दाम उर्फ जाकिर को गिरफ्तार किया। आरोपी की निशानदेही पर 5 चोरी के दोपहिया वाहन और 5 चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए गए। पुलिस जांच में पता चला कि पैरोल समाप्त होने के बाद भी आरोपी ने आत्मसमर्पण नहीं किया और लगातार स्नैचिंग व चोरी की वारदातों को अंजाम देता रहा।

वहीं भारत नगर थाना की पुलिस ने सक्रिय बदमाश प्रियांशु उर्फ प्रियांश सक्सेना को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक देसी पिस्तौल, जिंदा कारतूस, 7 चोरी के मोबाइल फोन और 4 चोरी के दोपहिया वाहन बरामद किए।

ऑपरेशन प्रहार की बड़ी उपलब्धि

72 घंटे चले इस अभियान में नॉर्थ-वेस्ट जिला पुलिस ने कुल:

390 चोरी/स्नैचिंग के मोबाइल फोन (लगभग ₹1.5 करोड़ मूल्य)
66 चोरी के दोपहिया वाहन और 1 कार
19 अवैध हथियार
21 चाकू
करीब ₹62 लाख के सोने-चांदी के आभूषण
₹65 हजार नकद
23 आरोपी गिरफ्तार

नॉर्थ-वेस्ट जिला पुलिस ने कहा कि स्ट्रीट क्राइम, वाहन चोरी, लूट, स्नैचिंग और अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। साथ ही बरामद सामान को तकनीकी जांच के माध्यम से उनके वास्तविक मालिकों तक पहुंचाने की प्रक्रिया भी जारी है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments