प्रदीप सिंह उज्जैन। आउटर नॉर्थ जिला पुलिस ने अवैध शराब के निर्माण, तस्करी और बिक्री के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। जिलेभर में चलाए गए एक दिवसीय विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने 10 शराब तस्करों को गिरफ्तार किया, 09 मामले दर्ज किए और 3,315 क्वार्टर अवैध शराब बरामद की। इसके साथ ही शराब की तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे एक हुंडई एक्सेंट कार, एक ई-रिक्शा और एक स्कूटी को भी जब्त किया गया।
यह अभियान संयुक्त पुलिस आयुक्त (नॉर्दर्न रेंज) विजय कुमार (IPS) के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त-प्रथम अमित कौशिक (IPS) के मार्गदर्शन और आउटर नॉर्थ जिले के वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में चलाया गया।
एंटी नारकोटिक्स स्क्वॉड की बड़ी कामयाबी
अभियान के दौरान आउटर नॉर्थ जिले की एंटी नारकोटिक्स स्क्वॉड ने फर्जी नंबर प्लेट लगी हुंडई एक्सेंट कार को रोककर उसकी तलाशी ली। कार से 40 कार्टन में भरी 2,000 क्वार्टर अवैध शराब बरामद की गई। इस मामले में 22 वर्षीय सादिक को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के खिलाफ एफआईआर संख्या 505/2026 के तहत दिल्ली आबकारी अधिनियम की धाराओं 33/58 तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 345(3) में मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी पहले भी दो आपराधिक मामलों में शामिल रह चुका है। फर्जी नंबर प्लेट का इस्तेमाल कर वाहन की पहचान छिपाने और कानून से बचने की कोशिश की जा रही थी। पुलिस अब बरामद शराब के स्रोत और इसके वितरण नेटवर्क की जांच कर रही है।
अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई
विशेष अभियान के दौरान बवाना, शाहबाद डेयरी, नरेला, एसपी बादली और भलस्वा डेयरी थाना पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर अवैध शराब बरामद की और तस्करों को गिरफ्तार किया।
इन कार्रवाइयों में कुल 1,315 क्वार्टर अवैध शराब विभिन्न थाना क्षेत्रों से बरामद हुई, जबकि 2,000 क्वार्टर एंटी नारकोटिक्स स्क्वॉड ने जब्त किए।

