असल न्यूज़। भारत नगर थाना क्षेत्र के राणा प्रताप बाग में मंगलवार दोपहर एक पुरानी दो मंजिला इमारत के अंदरूनी हिस्से की छत/रूफ स्लैब का कुछ भाग गिरने से हड़कंप मच गया। घटना में किसी के घायल होने या जान जाने की सूचना नहीं है।
पुलिस के मुताबिक, दोपहर करीब 3:16 बजे D-35, राणा प्रताप बाग में दो मंजिला इमारत गिरने की सूचना को लेकर PCR कॉल मिली थी। सूचना मिलते ही ASI मनबीर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। भारत नगर थाने के SHO भी घटनास्थल पर पहुंचे।
मौके पर जांच के दौरान पता चला कि पूरी इमारत नहीं गिरी थी, बल्कि इमारत के अंदरूनी हिस्से की छत/रूफ स्लैब का कुछ हिस्सा गिरा था। घटना के समय परिसर में मजदूर रह रहे थे, लेकिन किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली।
घटना की जानकारी मिलने के बाद TPDDL, DDMA, MCD और फायर सर्विस की टीमें भी मौके पर पहुंचीं और इमारत की स्थिति का निरीक्षण किया।
पुलिस के अनुसार, यह पुरानी इमारत है और इसका मालिक सुनील कपूर हैं। मामले को MCD के संज्ञान में लाया गया है, ताकि इमारत की संरचनात्मक स्थिति की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
वहीं, इमारत के मालिक को भी परिसर में रहने वाले लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी जरूरी सावधानियां बरतने की सलाह दी गई है।
फिलहाल घटना में किसी तरह की जनहानि या चोट की सूचना नहीं है।

