असल न्यूज़। हरि नगर इलाके में पुलिस ने गश्त के दौरान एक सक्रिय चोर को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे और उसकी निशानदेही पर चोरी की एक मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, बरामद सामान से कीर्ति नगर और हरि नगर थाने के तीन चोरी के मामले सुलझाए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर हरि नगर पुलिस चौकी की टीम इलाके में लगातार गश्त और निगरानी कर रही थी। रात करीब 9:30 बजे कांस्टेबल रामानंद इलाके में गश्त करते हुए समता धाम पार्क, ITI, जेल रोड के पास पहुंचे।
इसी दौरान उन्होंने एक युवक को Bajaj Pulsar मोटरसाइकिल (DL10AA-3215) को पैदल धक्का लगाकर ले जाते हुए देखा। पुलिस को देखकर युवक ने बाइक छोड़कर भागने की कोशिश की। कांस्टेबल रामानंद ने पीछा कर उसे मौके पर ही पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी की पहचान 19 वर्षीय राजू उर्फ राजा उर्फ भिखारी, निवासी हरि नगर, दिल्ली के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक, जांच में मोटरसाइकिल PS Kirti Nagar में दर्ज e-FIR नंबर 033159/2025 के तहत चोरी की पाई गई।
आरोपी ने पूछताछ के दौरान कथित तौर पर बताया कि वह चोरी की बाइक को बेचने के लिए ले जा रहा था। तलाशी के दौरान उसके पास से OPPO मोबाइल फोन बरामद हुआ, जो जांच में हरि नगर थाने में दर्ज e-FIR नंबर 80060729/2026 के तहत चोरी का पाया गया।
इसके बाद आरोपी की निशानदेही पर Samsung Galaxy F62 मोबाइल फोन भी बरामद किया गया। पुलिस के मुताबिक, यह मोबाइल भी हरि नगर थाने में दर्ज e-FIR नंबर 80053592/2026 के तहत चोरी का था। पुलिस ने बरामद संपत्ति को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

