असल न्यूज़। हरियाणा के सोनीपत में शादी के दौरान दहेज की मांग को लेकर एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि दिल्ली पुलिस में तैनात दूल्हे को शादी में हुंडई ऑरा की जगह मारुति ब्रेजा कार चाहिए थी। दुल्हन के पिता ने अपनी आर्थिक हैसियत के अनुसार करीब 8 से 9 लाख रुपये की हुंडई ऑरा कार बुक करवाई थी, लेकिन दूल्हा अपनी पसंद की ब्रेजा कार की मांग पर अड़ा रहा। आरोप है कि कार के साथ सोने के गहनों की मांग भी की गई। मांग पूरी नहीं होने पर दूल्हा बारात लेकर बिना दुल्हन के ही वापस लौट गया।
मंडप सजा, बारात पहुंची, लेकिन दहेज की मांग पर बिगड़ी शादी
जानकारी के मुताबिक, शादी की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी थीं। मंडप सजाया गया था, बारात भी समारोह स्थल पर पहुंच गई थी और मेहमानों का स्वागत भी हो चुका था। दोनों परिवारों की मौजूदगी में शादी की रस्में होनी थीं, लेकिन इसी दौरान कार और गहनों को लेकर विवाद खड़ा हो गया।
आरोप है कि दूल्हे पक्ष की ओर से ब्रेजा कार और सोने के गहनों की मांग की गई। दुल्हन के परिवार ने अपनी क्षमता के अनुसार पहले ही हुंडई ऑरा कार बुक करवाई थी, लेकिन दूल्हा ब्रेजा कार लेने की जिद पर अड़ा रहा। आखिरकार विवाद इतना बढ़ गया कि दूल्हा बारात लेकर वापस लौट गया और दुल्हन की शादी नहीं हो सकी।
जनवरी 2026 में बिचौलियों के जरिए तय हुआ था रिश्ता
शिकायतकर्ता सुभाष कुमार सोनीपत के वेस्ट रामनगर के निवासी हैं। वह आईटीआई गन्नौर से सेवानिवृत्त हैं। उन्होंने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि जनवरी 2026 में बिचौलियों के माध्यम से उनकी बेटी का रिश्ता गोहाना के गांधी नगर निवासी कुलदीप के साथ तय हुआ था।
आरोप है कि रिश्ता तय करवाते समय बिचौलियों ने बताया था कि कुलदीप दिल्ली पुलिस में तैनात है और उसका परिवार संपन्न एवं अच्छा परिवार है। साथ ही लड़की के परिवार को यह भरोसा भी दिलाया गया था कि लड़के पक्ष की ओर से किसी तरह के दहेज की मांग नहीं की जाएगी।
छह लोगों के खिलाफ पुलिस को दी शिकायत
शादी में हुए विवाद और बारात वापस लौटने के बाद दुल्हन के पिता ने मामले को लेकर सोनीपत के सेक्टर-27 थाना पुलिस में शिकायत दी है। शिकायत में दिल्ली पुलिस में तैनात दूल्हे कुलदीप, उसकी मां, भाई-भाभी और दो बिचौलियों सहित कुल छह लोगों को आरोपी बनाया गया है।
फिलहाल शिकायत के आधार पर पुलिस से मामले में कार्रवाई की मांग की गई है। मामले में पुलिस की जांच और आधिकारिक कार्रवाई का इंतजार है।

