असल न्यूज़। दिल्ली और एनसीआर में रहने वाले लोगों के लिए मेट्रो कनेक्टिविटी को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। दक्षिणी दिल्ली में मेट्रो नेटवर्क का विस्तार होने जा रहा है। दिल्ली मेट्रो की गोल्डन लाइन के तहत लाजपत नगर से साकेत जी ब्लॉक तक 8.385 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर पर आठ एलिवेटेड स्टेशन बनाए जाएंगे। वहीं, गुरुग्राम के राजीव चौक से द्वारका स्थित यशोभूमि तक नई मेट्रो लाइन का प्रस्ताव भी चर्चा में है। इन परियोजनाओं से दिल्ली और गुरुग्राम के बीच सफर करने वाले यात्रियों को भविष्य में बेहतर कनेक्टिविटी मिलने की उम्मीद है।
137.92 करोड़ रुपये में मिला 7 मेट्रो स्टेशनों का ठेका
दिल्ली मेट्रो रेल निगम (DMRC) ने गोल्डन लाइन के लाजपत नगर-साकेत जी ब्लॉक कॉरिडोर पर सात एलिवेटेड स्टेशनों के निर्माण के लिए 137.92 करोड़ रुपये का ठेका दिया है। यह ठेका BBG Infrastructure Private Limited को मिला है।
इस परियोजना के तहत निर्माण कार्य को 22 महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इस कॉरिडोर की कुल लंबाई 8.385 किलोमीटर होगी और इसमें कुल आठ स्टेशन प्रस्तावित हैं। आठवें स्टेशन यानी साकेत जी ब्लॉक का निर्माण अलग पैकेज के तहत किया जाएगा।
इन इलाकों में बनेंगे मेट्रो स्टेशन
गोल्डन लाइन के इस कॉरिडोर पर यात्रियों को निम्नलिखित आठ स्टेशन मिलेंगे: लाजपत नगर,एंड्रयूज गंज,ग्रेटर कैलाश-1,चिराग दिल्ली,पुष्पा भवन,साकेत डिस्ट्रिक्ट सेंटर,पुष्प विहार,साकेत जी ब्लॉक शामिल होगे.
इस कॉरिडोर से ग्रेटर कैलाश, चिराग दिल्ली, पुष्प विहार और साकेत सहित दक्षिणी दिल्ली के कई इलाकों की मेट्रो कनेक्टिविटी बेहतर होने की उम्मीद है।
दिसंबर 2025 में शुरू हुआ था निर्माण कार्य
DMRC ने 12 दिसंबर 2025 को लाजपत नगर से साकेत जी ब्लॉक गोल्डन लाइन कॉरिडोर का निर्माण कार्य शुरू किया था। अब स्टेशन निर्माण के लिए ठेका दिए जाने से परियोजना का काम आगे बढ़ रहा है। पूरी परियोजना को जून 2029 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
गुरुग्राम से यशोभूमि तक प्रस्तावित भूमिगत मेट्रो लाइन
दिल्ली-NCR के यात्रियों के लिए दूसरी बड़ी योजना गुरुग्राम के राजीव चौक से दिल्ली के यशोभूमि तक प्रस्तावित मेट्रो कॉरिडोर है। इस परियोजना के तहत करीब 20 किलोमीटर लंबी भूमिगत मेट्रो लाइन बनाने का प्रस्ताव है।
प्रस्तावित कॉरिडोर में लगभग 8 किलोमीटर हिस्सा दिल्ली और 12 किलोमीटर हिस्सा गुरुग्राम में होगा। इस रूट पर पांच स्टेशन प्रस्तावित किए गए हैं। यह कॉरिडोर यशोभूमि से शुरू होकर दिल्ली के धूलसिरस, भरथल, बिजवासन और कपासहेड़ा होते हुए गुरुग्राम पहुंचेगा। आगे यह उद्योग विहार और इफको चौक के रास्ते राजीव चौक तक जाएगा।
हालांकि, इस परियोजना को अभी अंतिम मंजूरी मिलना बाकी है। नवंबर 2026 की रिपोर्ट के अनुसार, यह कॉरिडोर मेट्रो फेज-V(B) के तहत प्रस्तावित आठ रूटों में शामिल है और सरकारी मंजूरी की प्रक्रिया में है।
दिल्ली-NCR की कनेक्टिविटी को मिलेगा विस्तार
गोल्डन लाइन और गुरुग्राम-यशोभूमि कॉरिडोर जैसी परियोजनाओं से आने वाले समय में दिल्ली और एनसीआर के यात्रियों को बेहतर सार्वजनिक परिवहन सुविधा मिलने की उम्मीद है। इससे दक्षिणी दिल्ली के कई इलाकों के साथ-साथ दिल्ली और गुरुग्राम के बीच मेट्रो से सफर करने के नए विकल्प उपलब्ध हो सकते हैं।

