नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 2012 से 2022 के बीच जारी जन्म प्रमाण पत्रों को लेकर बड़ा बदलाव किया गया है। i म्युनिसिपल कारपोरेशन ऑफ़ दिल्ली (एमसीडी) ने पूर्वी, उत्तरी और दक्षिणी नगर निगमों द्वारा जारी प्रमाण पत्रों के पंजीकरण क्रमांक बदल दिए हैं। ऐसे में पुराने क्रमांक वाले जन्म प्रमाण पत्र अब मान्य नहीं होंगे।
एमसीडी के अनुसार, अब नए पंजीकरण नंबर के साथ जारी जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र ही वैध माने जाएंगे। वेबसाइट पर भी पुराने रिकॉर्ड की जगह अपडेटेड रिकॉर्ड ही दिखाई देगा। इसलिए जिन लोगों ने स्कूल, बीमा या अन्य सरकारी कार्यों में पुराने प्रमाण पत्र लगाए हैं, उन्हें नया प्रमाण पत्र डाउनलोड करने की सलाह दी गई है।
तीन निगमों के विलय के बाद बदलाव
गौरतलब है कि वर्ष 2012 से 2022 तक दिल्ली में तीन अलग-अलग नगर निगम—पूर्वी, उत्तरी और दक्षिणी—कार्यरत थे। वर्ष 2022 में केंद्र सरकार ने तीनों का विलय कर एकीकृत दिल्ली नगर निगम बना दिया।
एमसीडी अधिकारियों के अनुसार, वर्ष 2020 तक जन्म-मृत्यु पंजीकरण का पोर्टल निजी आईटी कंपनी द्वारा संचालित किया जा रहा था। बाद में यह जिम्मेदारी नेशनल इनफॉर्मेटिक्स सेंटर (एनआईसी) को सौंप दी गई, जिसने एकीकृत पोर्टल लॉन्च किया।
एक ही नंबर पर कई पंजीकरण, आवेदन हो रहे थे रद्द
शिकायतें मिली थीं कि कुछ मामलों में एक ही पंजीकरण क्रमांक पर अलग-अलग व्यक्तियों के जन्म प्रमाण पत्र जारी हो गए थे। खासतौर पर ईडब्ल्यूएस श्रेणी में स्कूल प्रवेश के दौरान सत्यापन में यह गड़बड़ी सामने आई, जिससे कई आवेदन रद्द हो रहे थे।
समस्या के समाधान के लिए एमसीडी ने पूर्वी निगम के प्रमाण पत्रों के क्रमांक में ‘E’ और उत्तरी निगम के प्रमाण पत्रों में ‘N’ जोड़ दिया है। साथ ही पुराने रिकॉर्ड वेबसाइट से हटा दिए गए हैं।
नौ लाख पंजीकरण प्रभावित
एमसीडी के अनुसार, 2020 से 2022 के बीच करीब नौ लाख जन्म और मृत्यु पंजीकरण हुए। इनमें लगभग 95 प्रतिशत एमसीडी क्षेत्र के हैं, जबकि शेष पंजीकरण नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) और दिल्ली छावनी बोर्ड क्षेत्रों से संबंधित हैं। क्षेत्रों से संबंधित हैं।
ऐसे करें नया प्रमाण पत्र डाउनलोड
नागरिकदिल्ली नगर निगम की आधिकारिक वेबसाइट mcdonline.nic.in या rbd.mcdonline.nic.in पर जाकर नया जन्म प्रमाण पत्र डाउनलोड कर सकते हैं।
-
पंजीकरण के समय दर्ज मोबाइल नंबर से लॉग-इन करें।
-
ओटीपी दर्ज कर डैशबोर्ड से प्रमाण पत्र डाउनलोड करें।
-
यदि प्रमाण पत्र डैशबोर्ड पर नहीं दिख रहा है, तो “पुराने रिकॉर्ड खोजें” विकल्प में विवरण भरकर डाउनलोड किया जा सकता है।
एमसीडी ने नागरिकों को सलाह दी है कि 2012 से 2022 के बीच जारी अपने जन्म प्रमाण पत्र का पुनः सत्यापन अवश्य कर लें और आवश्यकता होने पर निश्शुल्क नया प्रमाण पत्र डाउनलोड करें।

