असल न्यूज़। अलीपुर इलाके के खामपुर में एक दिल दहला देने वाला तेज रफ्तार का मामला सामने आया है। इस हादसे में एक दो साल की मासूम बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए। दिल्ली पुलिस ने जानकारी देते हुआ बता या है की एक मारुति सेलेरियो कार (DL 9CAP 7389) दिल्ली से सोनीपत की ओर जा रही थी। गाड़ी में ड्राइवर समेत कुल छह लोग सवार थे।
जैसे ही बकोली गांव के पास खामपुर रेड लाइट पर सिग्नल हरा हुआ और कार आगे बढ़ी, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार टोयोटा फॉर्च्यूनर (DL 3CCL 7464) ने जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, फॉर्च्यूनर बेहद तेज गति में थी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सेलेरियो अनियंत्रित होकर घूम गई और डिवाइडर से जा टकराई। इसी दौरान एक दो साल की बच्ची, जो एक यात्री की गोद में थी, झटके से उछलकर गाड़ी की खिड़की से बाहर गिर गई।
घायल बच्ची को तुरंत नरेला के SRHC अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे में रविंदर (47) और एक 28 वर्षीय महिला भी घायल हुए हैं, जिनका इलाज जारी है। हादसे के बाद फॉर्च्यूनर चालक अपनी गाड़ी मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281 और 106(1) के तहत केस दर्ज किया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच MACT सेल, बाहरी उत्तरी जिला को सौंप दी गई है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है।

