नई दिल्ली। चांदनी चौक वार्ड से भाजपा निगम पार्षद सुमन गुप्ता ने अपने क्षेत्र के नागरिकों के लिए एक नई पहल ‘आपके द्वार’ की शुरुआत की है। इस पहल के तहत पार्षद स्वयं रोजाना वार्ड के अलग-अलग इलाकों में घर-घर जाकर लोगों की समस्याएं सुनेंगे और उनके समाधान के लिए मौके पर ही अधिकारियों को निर्देश देंगे।
इस अभियान की शुरुआत राम बाजार, राम्या चौक और चाबी गंज क्षेत्र से की गई, जहां सुमन गुप्ता ने स्थानीय लोगों से सीधे संवाद किया और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। इस दौरान अतिक्रमण और फुटपाथों पर कब्जे की शिकायतों को लेकर मौके पर मौजूद संबंधित अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।
पार्षद सुमन गुप्ता ने कहा कि वार्ड के सभी नागरिक उनके अपने हैं, चाहे उन्होंने वोट दिया हो या नहीं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि अब लोगों को अपनी समस्याएं लेकर दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे, बल्कि उनकी समस्याएं उनके घर के दरवाजे पर ही सुनी जाएंगी।
उन्होंने बताया कि यह डोर-टू-डोर जनसुनवाई प्रतिदिन करीब दो घंटे तक चलेगी। इसके साथ ही वार्ड कार्यालयों में भी नियमित जनसुनवाई जारी रहेगी, ताकि अधिक से अधिक लोगों की समस्याओं का समाधान किया जा सके।

