प्रदीप सिंह उज्जैन। राजधानी दिल्ली के बेहद व्यस्त इलाके चांदनी चौक के चावड़ी बाजार में मंगलवार को अचानक भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के मुताबिक, आग एक मकान में लगी जो देखते ही देखते ऊपरी मंजिल तक फैल गई। आग की तेज लपटों ने पूरे कमरे को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।
बताया जा रहा है कि यह घटना चावड़ी बाजार स्थित गुजरात नमकीन के पास हुई, जहां एक कार्डबोर्ड (कार्ड) गोदाम में आग लगने की आशंका है।
घटना की सूचना मिलते ही दिल्ली फायर सर्विस की कई गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं और आग बुझाने का काम शुरू किया गया। दमकल कर्मी लगातार आग पर काबू पाने की कोशिश कर रहे हैं।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। राहत और बचाव कार्य जारी है और आसपास के इलाके को एहतियातन खाली कराया जा रहा है।

