अजय शर्मा: उत्तर दिल्ली के भलस्वा डेयरी इलाके में 18 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, 7 मई 2026 को थाना भलस्वा डेयरी में सूचना मिली कि झुग्गी कलंदर कॉलोनी निवासी एक युवक को उसका दोस्त घायल अवस्था में अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की उम्र करीब 18 वर्ष बताई जा रही है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है, कि बुधवार शाम करीब 7:30 बजे भलस्वा डेयरी इलाके की ‘तंदूर वाली गली’ के पास युवक के साथ मारपीट की गई, जिसके बाद उसे चाकू मार दिया गया।
सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों, के साथ पुलिस टीम मौके पर पहुंची। इसके अलावा क्राइम टीम और एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मौके से दो लावारिस मोटरसाइकिलें भी बरामद की हैं।
जांच के आधार पर पुलिस ने FIR नंबर 236/26 के तहत धारा 103(1) बीएनएस में मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है, कि आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए डिजिटल व तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया जा रहा है। साथ ही मैनुअल इंटेलिजेंस के जरिए भी आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।
फिलहाल पुलिस, पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

