असल न्यूज़: राजधानी दिल्ली के सराय रोहिल्ला इलाके से एक दुखद खबर सामने आई है। दिल्ली पुलिस में तैनात एक हवलदार ने अपने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान 37 वर्षीय सोनू के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार और पुलिस विभाग में शोक का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक, सोनू उत्तरी दिल्ली के शास्त्री नगर की गली नंबर-2 में अपने परिवार के साथ रहते थे। बुधवार शाम परिजनों ने उन्हें घर में पंखे से लटका हुआ देखा। आनन-फानन में परिवार के लोग उन्हें नीचे उतारकर नजदीकी दीपचंद बंधु अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मामले की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, क्राइम टीम और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, जिसके चलते आत्महत्या के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है।
उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त राजा बांठिया के अनुसार, सोनू वर्ष 2010 में दिल्ली पुलिस में भर्ती हुए थे। फिलहाल उनकी तैनाती तीसरी बटालियन में थी और वे तीस हजारी कोर्ट में लॉकअप मुंशी के रूप में ड्यूटी कर रहे थे।
पुलिस अब मृतक के दोस्तों, सहकर्मियों और परिवार के लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि आत्महत्या के पीछे की वजह का पता लगाया जा सके। बृहस्पतिवार को पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
इस घटना ने एक बार फिर, पुलिसकर्मियों के मानसिक तनाव और दबाव को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

