अजय शर्मा: बाहरी उत्तरी दिल्ली के बवाना इलाके में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जहां तेज रफ्तार बोलेरो कार ने एक ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ई-रिक्शा चालक समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, दिनांक 13 मई 2026 को थाना बवाना पुलिस को D-4, DSIIDC सेक्टर-2 बवाना में एक गंभीर सड़क दुर्घटना की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। जांच के दौरान पता चला कि एक बोलेरो कार ने ई-रिक्शा को टक्कर मारी थी। घटनास्थल से पुलिस को कार की टूटी हुई नंबर प्लेट मिली, जिस पर रजिस्ट्रेशन नंबर DL3CCS5986 दर्ज था।
इस हादसे में ई-रिक्शा चालक ज़मीर आलम (55), निवासी D-533 जेजे कॉलोनी बवाना और यात्री सोने लाल दास (50), निवासी सीतामढ़ी, बिहार को गंभीर हालत में महार्षि वाल्मीकि अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
वहीं हादसे में घायल तीन अन्य लोगों—रामा (45), राज (20) और सहाना (22)—को इलाज के लिए एलएनजेपी अस्पताल रेफर किया गया है। घायलों की हालत को लेकर फिलहाल निगरानी रखी जा रही है।
दिल्ली पुलिस ने मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। फरार बोलेरो चालक की तलाश के लिए कई टीमों को रवाना किया गया है और दुर्घटना में शामिल वाहन को जब्त करने के प्रयास जारी हैं। पुलिस हादसे के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

