असल न्यूज़: राजधानी दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाके में मंगलवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां दो नकाबपोश बदमाशों ने 12 वर्षीय किशोर पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल बच्चे की पहचान मोहम्मद कैफ के रूप में हुई है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, घटना जहांगीरपुरी के ए ब्लॉक इलाके की है। बताया जा रहा है कि बदमाशों ने किशोर के सीने में चाकू घोंप दिया, जो उसके शरीर में ही फंस गया। गंभीर हालत में परिजन उसे तुरंत बाबू जगजीवन राम अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे लोक नायक अस्पताल रेफर कर दिया।
नौकरी की तलाश में निकला था किशोर
परिजनों के मुताबिक मोहम्मद कैफ अपने पिता इमरान, मां और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ जहांगीरपुरी के ए ब्लॉक में रहता है। उसके पिता ऑटो चालक हैं। परिवार ने बताया कि आर्थिक तंगी के कारण कैफ ने कुछ महीने पहले पढ़ाई छोड़ दी थी और नौकरी की तलाश कर रहा था।
मंगलवार सुबह कैफ ने परिवार वालों को बताया था, कि वह नौकरी के सिलसिले में बाहर जा रहा है। उसके साथ उसका फुफेरा भाई भी मौजूद था। कुछ देर बाद परिवार को सूचना मिली कि ए ब्लॉक मार्केट में किसी ने कैफ पर चाकू से हमला कर दिया है।
हालत नाजुक, पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही परिवार मौके पर पहुंचा और घायल किशोर को अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
वहीं सूचना मिलने पर पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची, और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
पुलिस ने हत्या, के प्रयास का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

