अजय शर्मा: नई दिल्ली के सुभाष प्लेस इलाके में दिल्ली पुलिस ने हत्या के प्रयास के एक सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए 07 नाबालिग आरोपियों (CCLs) को पकड़ा है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई और समय पर उपलब्ध कराई गई चिकित्सीय सहायता से घायल युवक की जान बच गई।
पुलिस के मुताबिक, 15 मई 2026 की रात करीब 8:17 बजे थाना सुभाष प्लेस को शकूरपुर स्थित H-ब्लॉक मस्जिद वाली गली के पास चाकूबाजी की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां 16 वर्षीय साहिद गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला। युवक के शरीर में काले हैंडल वाला चाकू धंसा हुआ था और अत्यधिक रक्तस्राव हो रहा था।
दिल्ली पुलिस के अनुसार, थाना सुभाष प्लेस के SHO इंस्पेक्टर तेजपाल सिंह ने गोल्डन ऑवर के दौरान स्वयं घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाना सुनिश्चित किया। घायल को पहले भगवान महावीर अस्पताल, पीतमपुरा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया।
मामले में थाना सुभाष प्लेस में एफआईआर संख्या 279/2026 धारा 109(1)/3(5), BNS के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी निगरानी और स्थानीय खुफिया सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 07 नाबालिग आरोपियों को पकड़ लिया।
जांच में यह भी सामने आया कि वारदात में इस्तेमाल किया गया, चाकू घटना से करीब तीन दिन पहले फ्लिपकार्ट के जरिए ऑनलाइन खरीदा गया था। पुलिस फिलहाल पूरे मामले और आरोपियों के नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है।
दिल्ली पुलिस अधिकारियों का कहना है, कि समय पर कार्रवाई और मेडिकल सहायता मिलने के कारण घायल युवक की जान बचाई जा सकी। मामले में आगे की जांच जारी है।

