अजय शर्मा: नई दिल्ली के उत्तर-पश्चिम जिले में AATS टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दिल्ली से उत्तर प्रदेश तक फैले अंतरराज्यीय ऑटो-चोरी गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने कुख्यात ऑटो-लिफ्टर मुसाहिद को गिरफ्तार किया है, जो दिल्ली और आसपास के इलाकों से वाहन चोरी कर उन्हें उत्तर प्रदेश में बेचता था।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी मुसाहिद के कब्जे और निशानदेही से 03 चोरी की चारपहिया गाड़ियां, 02 जिंदा कारतूस सहित 01 अवैध रिवॉल्वर, 01 लैपटॉप और 01 चोरी की नंबर प्लेट बरामद की गई है। जांच में सामने आया कि आरोपी पहले भी वाहन चोरी के 05 मामलों में शामिल रहा है।
मामले की जांच उस समय, शुरू हुई जब थाना शालीमार बाग क्षेत्र से चोरी हुई वैगनआर कार की गतिविधियों पर AATS टीम नजर रख रही थी। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि अपराध में इस्तेमाल की जा रही स्विफ्ट कार भी पहले अशोक विहार इलाके से चोरी की गई थी। इससे वाहन चोरी गिरोह की सुनियोजित कार्यप्रणाली का खुलासा हुआ।
पुलिस ने करीब 1920 CCTV कैमरों, की फुटेज खंगाली और आरोपियों की लोकेशन को बड़ौत, बागपत तक ट्रेस किया। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी चोरी के वाहनों पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर पुलिस को चकमा देते थे।
तकनीकी निगरानी और स्थानीय, खुफिया सूचना के आधार पर AATS टीम ने जाल बिछाया। गुप्त सूचना मिली कि आरोपी दोबारा दिल्ली में वाहन चोरी करने आने वाला है। इसके बाद पुलिस ने दिल्ली और बागपत में अलग-अलग टीमें तैनात कीं और आखिरकार आरोपी मुसाहिद को दबोच लिया।
पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया, कि वह जल्दी पैसा कमाने के लालच में अपराध की दुनिया में आया और दिल्ली से चोरी किए गए वाहन उत्तर प्रदेश में बेचता था। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बरामद वाहन थाना सुभाष प्लेस, मौर्य एन्क्लेव और अशोक विहार क्षेत्रों से चोरी किए गए थे।
फिलहाल पुलिस, आरोपी के पूरे नेटवर्क और उसके अन्य साथियों की तलाश में जुटी हुई है।

