असल न्यूज़: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के आउटर नॉर्थ जिले में स्थित नरेला थाना क्षेत्र से सनसनीखेज मामला सामने आया है। बवाना नहर में एक 15 वर्षीय किशोर का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान बाकनेर निवासी शिवम के रूप में हुई है, जो 10वीं कक्षा का छात्र था।
जानकारी के मुताबिक सोमवार सुबह स्थानीय लोगों ने नहर में एक शव तैरता देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया और जांच शुरू की।
मृतक के परिजनों ने शिवम के तीन दोस्तों पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है, परिवार का कहना है कि शिवम बीते कुछ समय से उन्हीं दोस्तों के साथ देखा जा रहा था और घटना से पहले भी वह उनके साथ ही गया था।
घटना की सूचना मिलते ही इलाके में लोगों की भीड़ जमा हो गई, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है।
फिलहाल पुलिस संदिग्ध दोस्तों से पूछताछ कर रही है, और आसपास के CCTV फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।
इस घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं इलाके में दहशत और गुस्से का माहौल बना हुआ है।

