असल न्यूज़: राष्ट्रीय राजधानी Delhi के बाहरी उत्तरी जिले के नरेला इलाके स्थित विशाल बाग में शुक्रवार को उस समय तनाव का माहौल बन गया, जब DDA विभाग की टीम अवैध कॉलोनी के खिलाफ बुलडोजर कार्रवाई करने पहुंची। कार्रवाई की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, DDA अधिकारी और कर्मचारी भारी पुलिस बल के साथ इलाके में पहुंचे थे। जैसे ही बुलडोजर कार्रवाई शुरू करने की तैयारी हुई, स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से कार्रवाई से जुड़े नोटिस और कानूनी दस्तावेज दिखाने की मांग की।
स्थानीय लोगों का कहना था, कि बिना पूर्व सूचना और उचित कानूनी प्रक्रिया के किसी भी मकान या निर्माण पर कार्रवाई नहीं की जा सकती। लोगों ने आरोप लगाया कि उन्हें पहले से कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई थी।
मौके पर बढ़ते विरोध, और तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए DDA अधिकारियों ने फिलहाल कार्रवाई रोक दी और टीम वापस लौट गई। हालांकि इलाके में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात रहा।
पुलिस अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की, और स्थिति पर लगातार नजर रखी। वहीं इस कार्रवाई को लेकर इलाके के लोगों में डर और नाराजगी का माहौल बना हुआ है।
फिलहाल DDA विभाग की ओर से इस मामले, में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। लेकिन विशाल बाग इलाके में बुलडोजर कार्रवाई को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

