Wednesday, May 27, 2026
Google search engine
Homecrime newsखारी बावली में नकली मसाला फैक्ट्री का भंडाफोड़, 800 किलो से ज्यादा...

खारी बावली में नकली मसाला फैक्ट्री का भंडाफोड़, 800 किलो से ज्यादा मिलावटी मसाले बरामद

असल न्यूज़: दिल्ली के मशहूर मसाला बाजार खारी बावली में चल रही मिलावटी मसाला बनाने की फैक्ट्री पर क्राइम ब्रांच ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फैक्ट्री मालिक कमलजीत को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने फैक्ट्री से 801.88 किलोग्राम नकली और मिलावटी मसाले, हानिकारक केमिकल और भारी मात्रा में कच्चा माल बरामद किया है।

क्राइम ब्रांच के मुताबिक, यह फैक्ट्री खारी बावली के नया बांस इलाके में संचालित की जा रही थी, जहां हल्दी, लाल मिर्च, पीली मिर्च, धनिया पाउडर, अमचूर और गरम मसाला जैसे मसालों में बड़े स्तर पर मिलावट की जा रही थी। पुलिस का कहना है कि मसालों को तैयार करने के लिए घटिया क्वालिटी का सामान, खाने योग्य नहीं आर्टिफिशियल रंग, चावल का चूरा (कनकी), सूखी मिर्च की डंडियां और धनिए के डंठलों का इस्तेमाल किया जा रहा था।

डीसीपी क्राइम ब्रांच संजीव कुमार यादव ने बताया, कि गिरफ्तार आरोपी कमलजीत मुकुंदपुर का रहने वाला है। वह पहले साप्ताहिक बाजारों में मसाले की रेहड़ी लगाता था, लेकिन ज्यादा मुनाफे के लालच में करीब डेढ़ साल पहले उसने नया बांस इलाके में किराए पर जगह लेकर नकली मसाले बनाने का कारोबार शुरू कर दिया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी किसी बड़े ब्रांड के नाम का इस्तेमाल नहीं करता था, बल्कि छोटे पैकेट बनाकर इन मिलावटी मसालों को दिल्ली-एनसीआर के बाजारों में सप्लाई करता था।

23 मई को क्राइम ब्रांच को सूचना मिली थी, कि खारी बावली इलाके में बड़े पैमाने पर नकली मसाले तैयार किए जा रहे हैं। सूचना के आधार पर एसीपी पंकज अरोड़ा और इंस्पेक्टर अमित सोलंकी की टीम ने फैक्ट्री पर छापा मारा और भारी मात्रा में नकली मसाले व मशीनें बरामद कीं।

कार्रवाई के दौरान, दिल्ली सरकार के खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों को भी मौके पर बुलाया गया। विभाग ने मसालों के सैंपल लेकर उन्हें लैब जांच के लिए भेज दिया है, ताकि फूड सेफ्टी एक्ट के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा सके।

क्राइम ब्रांच ने फैक्ट्री, से मिलावटी लाल मिर्च, पीली मिर्च, हल्दी पाउडर, सिंथेटिक रंग, चावल का चूरा, मिर्च की डंडियां, धनिए के डंठल और मसाले पीसने वाली मशीनें जब्त की हैं। पूरी कार्रवाई की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी “ई-साक्ष्य एप” के जरिए कराई गई।

पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत, मामला दर्ज कर आरोपी कमलजीत को अदालत में पेश किया, जहां से उसे दो दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस नकली मसाला सिंडिकेट के तार दिल्ली-एनसीआर में और किन-किन कारोबारियों से जुड़े हुए हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments