असल न्यूज़: राजस्थान सीआईडी इंटेलिजेंस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पाकिस्तानी जासूस को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि वह पिछले दो वर्षों से पाकिस्तानी हैंडलर्स के संपर्क में था और भारतीय सेना की गतिविधियों से जुड़ी संवेदनशील जानकारियां साझा कर रहा था।
एडीजी (पुलिस इंटेलिजेंस) प्रफुल्ल कुमार ने बताया, कि आरोपी जैसलमेर में भारत-पाकिस्तान सीमा की ओर जाने वाली मुख्य सड़क पर चाय की दुकान चलाता था। इसी दुकान की आड़ में वह सेना के मूवमेंट और अन्य गतिविधियों पर नजर रखता था तथा उनके वीडियो बनाकर पाकिस्तानी हैंडलर्स को भेजता था।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है, कि आरोपी करीब दो साल से पाकिस्तान स्थित संपर्क सूत्रों के साथ लगातार जुड़ा हुआ था। सुरक्षा एजेंसियां उसके मोबाइल फोन, सोशल मीडिया अकाउंट और अन्य डिजिटल माध्यमों की जांच कर रही हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसने कौन-कौन सी सूचनाएं साझा की थीं और उसके नेटवर्क में अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं।
एडीजी प्रफुल्ल कुमार ने कहा, कि पाकिस्तान की खुफिया एजेंसियों द्वारा राजस्थान में संचालित की जाने वाली जासूसी गतिविधियों पर सीआईडी इंटेलिजेंस लगातार निगरानी रखे हुए है। इसी निगरानी के दौरान संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां आरोपी से पूछताछ कर रही हैं, और मामले से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। अधिकारियों का मानना है कि पूछताछ में जासूसी नेटवर्क से जुड़े कई महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।

