असल न्यूज़: भारतीय किसान यूनियन (भानु) के बैनर तले किसानों और ग्रामीणों ने गुरुवार को पंजाब एंड सिंध बैंक की गणेशपुर शाखा के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। किसानों ने बैंक शाखा में कथित अनियमितताओं, भ्रष्टाचार, किसानों और गरीब ग्राहकों के उत्पीड़न तथा बैंक प्रबंधन की कार्यशैली को लेकर नाराजगी जताई।
प्रदेश अध्यक्ष, (युवा) पश्चिमी उत्तर प्रदेश अमित त्यागी गणेशपुर के नेतृत्व में बड़ी संख्या में किसान और ग्रामीण तहसील मवाना पहुंचे, जहां उन्होंने प्रदर्शन कर उपजिलाधिकारी (एसडीएम) मवाना को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन की प्रतिलिपि बैंकिंग लोकपाल, भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) तथा भारत सरकार के वित्त मंत्री को भी भेजी गई है।
किसानों का आरोप है, कि बैंक शाखा में किसानों पर अनावश्यक बीमा कराने का दबाव बनाया जाता है। इसके अलावा स्टाफ की कमी का हवाला देकर आम ग्राहकों के कार्यों को टाल दिया जाता है। प्रदर्शनकारियों ने यह भी आरोप लगाया कि बैंक परिसर में कथित दलाल तंत्र सक्रिय है, जिससे ग्रामीण और गरीब वर्ग के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
किसानों ने मांग, की कि वर्तमान शाखा प्रबंधक का तत्काल स्थानांतरण किया जाए और उनकी चल-अचल संपत्तियों तथा कार्यप्रणाली की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराई जाए। भारतीय किसान यूनियन (भानु) ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान किसानों, ने बैंक का प्रतीकात्मक पुतला दहन करने की तैयारी भी कर ली थी, लेकिन मौके पर पहुंचे एसडीएम मवाना और तहसीलदार ने किसानों को समझाकर शांत किया तथा निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया। इसके बाद पुतला दहन कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया।
ज्ञापन प्राप्त करने के बाद एसडीएम मवाना ने तत्काल एलडीएम (लीड डिस्ट्रिक्ट मैनेजर) मेरठ को मामले से अवगत कराते हुए जांच और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
अमित त्यागी गणेशपुर ने कहा कि किसानों, मजदूरों, महिलाओं और गरीब वर्ग के सम्मान एवं अधिकारों के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि दोषियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेगा।
इस दौरान पुनीत त्यागी (जिलाध्यक्ष मेरठ), अंकित गुर्जर (प्रदेश महासचिव), प्रिंस, शानू, अरुण, रविंद्र, सचिन, अजय, प्रदीप, विकास, कालू सिंह समेत बड़ी संख्या में किसान और ग्रामीण मौजूद रहे।

