नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की सेंट्रल जिला पुलिस ने अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पहाड़गंज थाना क्षेत्र के पंचकुइयां रोड स्थित एक स्पा सेंटर में चल रहे कथित सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने स्पा के मालिक-सह-मैनेजर को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि वहां मौजूद चार युवतियों को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया।
पुलिस के अनुसार, लंबे समय से स्पा सेंटर में देह व्यापार चलने की सूचना मिल रही थी। शिकायतों के आधार पर पुलिस ने पूरी योजना के साथ एक डिकॉय (बोगस ग्राहक) ऑपरेशन चलाया।
ऑपरेशन के तहत पुलिस ने एक बोगस ग्राहक को स्पा में भेजा। ग्राहक से सेवा के बदले 2,000 रुपये का रिकॉर्डेड सरकारी नोट लिया गया। जैसे ही सौदा पूरा हुआ, पहले से मौजूद पुलिस टीम ने मौके पर छापा मार दिया और स्पा के मालिक-सह-मैनेजर को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
छापेमारी के दौरान स्पा से 26 से 40 वर्ष आयु वर्ग की चार युवतियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। पुलिस ने उन्हें रेस्क्यू कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि मामले में अनैतिक देह व्यापार (रोकथाम) अधिनियम और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं तथा यह गतिविधि कब से संचालित की जा रही थी।
सेंट्रल जिला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि राजधानी में अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

