प्रदीप सिंह उज्जैन। आउटर जिला पुलिस ने संगठित अपराध और अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। दो दिन तक चले इस अभियान में पुलिस ने आर्म्स एक्ट के 6 मामलों में 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान 5 बटनदार चाकू, एक देसी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया।
डीसीपी आउटर जिला विक्रम सिंह (IPS) के निर्देश पर सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने और अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बाद स्थानीय पुलिस टीमों ने खुफिया सूचना और तकनीकी निगरानी के आधार पर विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की।
अभियान के दौरान राज पार्क, नांगलोई और निहाल विहार थाना क्षेत्रों में कुल 6 एफआईआर दर्ज की गईं। गिरफ्तार आरोपियों में प्रेमचंद उर्फ पियूष, विकास, पवन, धर्मदीप, कुनाल सिंह मीणा, पवन (झज्जर), चितरेश बिष्ट उर्फ दुधिया और सुनील शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार बरामद हथियारों को जब्त कर लिया गया है और सभी मामलों में आगे की जांच जारी है। आउटर जिला पुलिस का कहना है कि अवैध हथियारों और संगठित अपराध के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

