प्रदीप सिंह उज्जैन। सड़क सुरक्षा को लेकर लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से आजादपुर मंडी में जन जागरूकता अभियान चलाया गया। नवदीप टुडे और सिमरन केयर फाउंडेशन की ओर से आयोजित इस अभियान का मुख्य संदेश था- “Don’t Drink & Drive, नशे में वाहन न चलाएं, सुरक्षित घर जाएं।”
अभियान के दौरान मंडी में आने-जाने वाले वाहनों पर रेडियम रिफ्लेक्टिव स्टीकर लगाए गए। कार्यक्रम में आजादपुर मंडी चौकी प्रभारी संदीप और ट्रैफिक पुलिस के जवान भी मौजूद रहे। पुलिसकर्मियों ने खुद वाहनों पर स्टीकर लगाकर चालकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।
सुबह 10 बजे शुरू हुआ जागरूकता अभियान
आजादपुर मंडी में सुबह करीब 10 बजे इस अभियान की शुरुआत हुई। नवदीप टुडे के डायरेक्टर और पत्रकार नीरज शर्मा की पहल पर सिमरन केयर फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा के महत्व के बारे में जागरूक करना था।

अभियान के तहत मंडी में आने वाले वाहनों पर रेडियम रिफ्लेक्टिव प्लेट और स्टीकर लगाए गए, ताकि रात के समय वाहन आसानी से दिखाई दे सकें और सड़क हादसों की आशंका को कम किया जा सके।
रात के अंधेरे में चमकेंगे रेडियम स्टीकर
अभियान के दौरान लोगों को बताया गया कि रात के समय कई बार अंधेरे के कारण वाहन दूर से दिखाई नहीं देते। ऐसे में पीछे से आने वाले वाहनों को समय पर जानकारी नहीं मिल पाती और दुर्घटना होने का खतरा बढ़ जाता है।
रेडियम रिफ्लेक्टिव स्टीकर वाहन की रोशनी पड़ने पर चमकते हैं, जिससे पीछे से आने वाले चालक को आगे मौजूद वाहन का पता चल सकता है। आयोजकों ने बताया कि यह छोटी सी सावधानी सड़क हादसों को रोकने और लोगों की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

पुलिस ने खुद वाहनों पर लगाए स्टीकर
इस अभियान की खास बात यह रही कि आजादपुर मंडी चौकी प्रभारी संदीप और ट्रैफिक पुलिस के जवानों ने सक्रिय रूप से हिस्सा लिया। पुलिसकर्मियों ने अपने हाथों से वाहनों पर रेडियम स्टीकर लगाए और चालकों को हेलमेट, सीट बेल्ट तथा ट्रैफिक नियमों का पालन करने की सलाह दी।
पुलिस ने वाहन चालकों को स्पष्ट संदेश दिया कि नशे की हालत में वाहन चलाना बेहद खतरनाक है। इससे चालक के साथ-साथ सड़क पर चल रहे अन्य लोगों की जान भी खतरे में पड़ सकती है।

मंडी के आढ़तियों और वाहन चालकों ने लिया हिस्सा
आजादपुर मंडी के आढ़तियों ने भी अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लिया। उन्होंने अपने वाहनों पर स्टीकर लगवाए और अपने ड्राइवरों तथा कर्मचारियों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।
आढ़तियों का कहना था कि आजादपुर मंडी में रोजाना बड़ी संख्या में वाहन आते-जाते हैं। ऐसे में सड़क सुरक्षा को लेकर इस तरह की पहल बेहद जरूरी है।
एक गलत फैसला पूरे परिवार को कर सकता है प्रभावित
कार्यक्रम के दौरान लोगों को विशेष रूप से “Don’t Drink & Drive” के संदेश के प्रति जागरूक किया गया। आयोजकों ने कहा कि नशे में वाहन चलाना केवल चालक की गलती नहीं, बल्कि सड़क पर मौजूद हर व्यक्ति के लिए गंभीर खतरा बन सकता है।
एक छोटी सी लापरवाही किसी परिवार की खुशियां छीन सकती है। इसलिए वाहन चलाते समय सावधानी बरतें, ट्रैफिक नियमों का पालन करें और नशे की हालत में कभी भी वाहन न चलाएं। अभियान के माध्यम से लोगों को यही संदेश दिया गया कि सड़क सुरक्षा सभी की जिम्मेदारी है। नशे में वाहन न चलाएं, सुरक्षित घर जाएं।

