प्रदीप सिंह उज्जैन। शाहबाद डेयरी थाना पुलिस ने 14 अगस्त को हुई लूट की वारदात का कम समय में खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए दो मोबाइल फोन, नकदी के साथ वारदात में इस्तेमाल देसी कट्टा और बटनदार चाकू बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक, 14 अगस्त को करण नामक युवक ने शिकायत दी थी कि वह अपने दोस्त के साथ काली माता मंदिर चौक के पास बैठा था। इसी दौरान काले रंग की मोटरसाइकिल पर चार युवक वहां पहुंचे। आरोपियों में से एक ने शिकायतकर्ता की गर्दन पर चाकू रख दिया, जबकि दूसरे ने देसी कट्टा दिखाकर धमकाया। एक अन्य आरोपी ने उसके दोस्त को भी चाकू दिखाकर डराया।
आरोपियों ने दोनों को धमकाकर 6,050 रुपये नकद और Redmi व Oppo के दो मोबाइल फोन लूट लिए। आरोपियों ने दोनों के मोबाइल फोन और पेमेंट एप्लीकेशन के लॉक/पासवर्ड की जानकारी भी हासिल कर ली। इसके बाद शिकायतकर्ता के दोस्त की मोटरसाइकिल की चाबी लेकर सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए SHO सुरेंद्र सिंह यादव के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम में SI बलवान सिंह, SI घनश्याम, HC बृजेश, HC अनिरुद्ध और HC हरीश शामिल रहे।
पुलिस टीम ने मानव सूचना, तकनीकी निगरानी और अन्य जांच माध्यमों की मदद से आरोपियों की पहचान और लोकेशन का पता लगाया। मोटरसाइकिल, आरोपियों के हुलिए और लूटे गए मोबाइल फोन से जुड़े सुरागों को जोड़ते हुए पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की और तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान समसुद्दीन भारत विहार दिल्ली, दूसरे आरोपी की पहचान रवि कुमार प्रहलादपुर बांगर, दिल्ली, मूल निवासी मोतिहारी, बिहार का रहने वाला है तीसरे आरोपी की पहचान साजन कुमार, बुध विहार, दिल्ली के रूप में हुई है.
पुलिस के अनुसार आरोपियों के पास से कुल 7 मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। इनमें दो मोबाइल फोन इसी लूट की वारदात से जुड़े हैं, जबकि पांच अन्य मोबाइल फोन आरोपी रवि के किराए के मकान से बरामद किए गए हैं। इसके अलावा पुलिस ने आरोपियों के पास से पांच हजार की नकद,एक देसी कट्टा,एक बटनदार चाकू,वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस अब बरामद किए गए पांच अन्य मोबाइल फोन के संबंध में जांच कर रही है। साथ ही फरार चल रहे चौथे आरोपी की तलाश की जा रही है और गिरफ्तार आरोपियों की अन्य आपराधिक मामलों में संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। आउटर नॉर्थ जिला पुलिस के मुताबिक, मामले में आगे की जांच जारी है।

