Monday, August 17, 2026
Google search engine
Homecrime newsहरिदास नगर में तेज रफ्तार DTC बस ने स्कूटी को मारी टक्कर,...

हरिदास नगर में तेज रफ्तार DTC बस ने स्कूटी को मारी टक्कर, 24 वर्षीय युवक की मौत

असल न्यूज़। द्वारका जिले के बाबा हरिदास नगर इलाके में शनिवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। नजफगढ़-नांगलोई रोड पर तेज रफ्तार DTC बस की चपेट में आने से स्कूटी सवार 24 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे में स्कूटी पर सवार उसके दो दोस्त भी घायल हो गए। घटना के बाद बस चालक वाहन को कुछ दूरी पर छोड़कर मौके से फरार हो गया।

हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। गुस्साए लोगों ने DTC बस पर पथराव कर उसके शीशे तोड़ दिए। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और बस तथा स्कूटी को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस ने फरार बस चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और हादसे में मौत का मामला दर्ज किया है।

नजफगढ़-नांगलोई रोड पर हुआ हादसा
पुलिस के मुताबिक, शनिवार शाम करीब 6 बजे नजफगढ़-नांगलोई रोड पर खुशी स्वीट्स एंड रेस्टोरेंट के सामने जय बिहार नाले के पास सड़क हादसे की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही बाबा हरिदास नगर थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची।

पुलिस को घटनास्थल पर क्षतिग्रस्त नीले रंग की DTC बस और एक स्कूटी मिली। हादसा इतना गंभीर था कि स्कूटी सवार युवक बस के पिछले पहिये की चपेट में आ गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान सोनू के रूप में हुई है।

हादसे में घायल दोनों युवकों को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस टीम ने बाद में अस्पताल पहुंचकर घायलों के बयान दर्ज किए।

स्कूटी में बस ने मारी टक्कर
पुलिस के अनुसार, घायल रोहन ने बताया कि वह सोनू और अपने एक अन्य दोस्त के साथ स्कूटी पर सवार होकर UER-2 की तरफ से नजफगढ़-नांगलोई रोड की ओर जा रहे थे। इसी दौरान कमरुद्दीन नगर की तरफ जा रही DTC बस ने उनकी स्कूटी को कंडक्टर साइड से टक्कर मार दी।

टक्कर लगते ही स्कूटी का संतुलन बिगड़ गया और सोनू सड़क पर गिर गया। इसी दौरान वह बस के पिछले पहिये की चपेट में आ गया। हादसे में उसकी मौत हो गई, जबकि रोहन और उसका दूसरा साथी घायल हो गए।

हादसे के बाद लोगों ने बस पर किया पथराव
घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। हादसे को लेकर लोगों में काफी गुस्सा था। आक्रोशित लोगों ने DTC बस पर पथराव कर दिया, जिससे बस के शीशे टूट गए।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और बस को अपने कब्जे में लिया। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हादसे के समय बस की रफ्तार कितनी थी और दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई।

बस चालक मौके से फरार
पुलिस के मुताबिक, हादसे के तुरंत बाद बस चालक वाहन को कुछ दूरी पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस उसकी पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।

पुलिस ने बस और स्कूटी को जब्त कर लिया है। साथ ही चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और मौत का मामला दर्ज किया गया है। घटनास्थल और आसपास के CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी चालक तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।

घायल युवकों के बयान के आधार पर जांच
पुलिस टीम ने राव तुला राम अस्पताल पहुंचकर घायल रोहन का बयान लिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घायलों के बयान, CCTV फुटेज और घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

फिलहाल पुलिस फरार DTC बस चालक की तलाश में जुटी है। वहीं, 24 वर्षीय युवक की मौत के बाद उसके परिवार में मातम पसरा हुआ है। स्थानीय लोगों ने सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों और यातायात व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments