नीति सैन। निहाल विहार थाना पुलिस की पेट्रोलिंग टीम ने NDPS एक्ट और एक्साइज एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक महिला भी शामिल है। पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपियों का पहले भी आपराधिक मामलों में शामिल होने का रिकॉर्ड रहा है, जिसमें एक्साइज एक्ट और जुआ अधिनियम से जुड़े मामले शामिल हैं।
थाना निहाल विहार की टीम में शामिल HC परमिल कुमार, कांस्टेबल अर्जुन और महिला कांस्टेबल गीता इलाके में गश्त कर रहे थे। गश्त के दौरान टीम RZC ब्लॉक, निहाल विहार में एक मकान के सामने पहुंची, जहां प्लास्टिक की बोरी के साथ दो संदिग्ध लोग बैठे दिखाई दिए। इनमें एक महिला भी थी।
पुलिस को देखते ही दोनों ने मौके से भागने की कोशिश की, लेकिन सतर्क पुलिस टीम ने पीछा कर दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ में पुरुष आरोपी की पहचान विपिन कुमार (35) के रूप में हुई, जबकि महिला आरोपी की पहचान पुलिस ने ‘A’ के रूप में बताई है।
महिला आरोपी के पास से गांजा और नकदी बरामद
पुलिस के मुताबिक महिला आरोपी की निशानदेही पर 27 प्लास्टिक पाउच में 126 ग्राम गांजा बरामद किया गया। इसके साथ ही 29 हजार रुपये नकद भी मिले, जिन्हें पुलिस ने गांजे की बिक्री से प्राप्त रकम बताया है।
वहीं, प्लास्टिक की बोरी की जांच करने पर आरोपी विपिन कुमार के कब्जे से 97 क्वार्टर अवैध शराब बरामद हुई। पुलिस ने मौके पर ही बरामद गांजा, शराब और नकदी को नियमानुसार जब्त कर सील कर दिया।
NDPS और एक्साइज एक्ट में मामला दर्ज
दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और बरामद सामान को नियमानुसार जब्त किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा और अवैध शराब आरोपियों तक कहां से पहुंची थी और इस नेटवर्क में इनके अलावा कौन-कौन लोग शामिल हैं।
पुलिस जांच जारी
पुलिस के मुताबिक आरोपियों से पूछताछ के आधार पर नशीले पदार्थ और अवैध शराब के स्रोत का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। साथ ही इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान भी की जा रही है।

