प्रदीप सिंह उज्जैन। बाहरी दिल्ली के नरेला थाना क्षेत्र में सत्यवादी राजा हरिश्चंद्र अस्पताल के पास सड़क किनारे एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ है और उसकी हालत काफी खराब बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, सुबह गश्त के दौरान नरेला थाना पुलिस की टीम की नजर सड़क किनारे पड़े शव पर पड़ी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और शव को कब्जे में ले लिया।
हाथ में लगी थी कैन्यूला..
पुलिस के अनुसार, मृतक युवक के हाथ में कैन्यूला लगी हुई मिली है। इससे शुरुआती तौर पर आशंका जताई जा रही है कि युवक हाल ही में किसी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती रहा होगा।
शव काफी सड़-गल चुका था। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक शव करीब 3 से 4 दिन पुराना हो सकता है। हालांकि, मौत की वास्तविक अवधि और कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।
अभी तक नहीं हो सकी मृतक की पहचान..
मृतक की फिलहाल पहचान नहीं हो पाई है। नरेला पुलिस आसपास के इलाकों में पूछताछ करने के साथ-साथ अस्पतालों के रिकॉर्ड भी खंगाल रही है। पुलिस लापता लोगों से संबंधित शिकायतों का डेटा भी चेक कर रही है, ताकि शव की पहचान की जा सके।
हत्या या बीमारी से मौत? हर एंगल से जांच..
पुलिस इस मामले की जांच कई संभावित एंगल से कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि कहीं युवक की हत्या करने के बाद शव को यहां तो नहीं फेंका गया। वहीं, इस संभावना की भी जांच की जा रही है कि बीमारी या इलाज के दौरान युवक की मौत हुई हो और शव को सड़क किनारे छोड़ दिया गया हो।
घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिसके बाद मौत के कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल नरेला थाना पुलिस मृतक की पहचान और मौत की परिस्थितियों का पता लगाने में जुटी है।

