असल न्यूज़। (विजय शर्मा) भारत सरकार के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के वाणिज्य विभाग ने राजीव कुमार राणा को भारतीय निर्यातक ऋण गारंटी निगम लिमिटेड (ECGC) के निदेशक मंडल में गैर-आधिकारिक निदेशक नियुक्त किया है।
यह नियुक्ति कैबिनेट की नियुक्ति समिति की मंजूरी और कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) की ओर से 7 सितंबर 2026 को जारी आदेश के आधार पर की गई है।
मंत्रालय की ओर से जारी आदेश के अनुसार, ECGC लिमिटेड के एसोसिएशन ऑफ आर्टिकल्स के अनुच्छेद 63 के तहत राष्ट्रपति ने राजीव कुमार राणा की नियुक्ति को मंजूरी दी है। उनकी नियुक्ति 16 सितंबर 2026 से तत्काल प्रभाव से लागू मानी गई है।

तीन साल के लिए नियुक्ति
आदेश के मुताबिक, राजीव कुमार राणा का कार्यकाल तीन वर्ष या अगले आदेश तक, जो भी पहले हो, प्रभावी रहेगा।
इस संबंध में वाणिज्य विभाग के TFS अनुभाग के अवर सचिव अंकित श्रीवास्तव की ओर से आदेश जारी किया गया है। आदेश की प्रतियां संबंधित मंत्रालय के अधिकारियों के साथ-साथ ECGC लिमिटेड, मुंबई के कंपनी सचिव को भी भेजी गई हैं।
ECGC भारत सरकार के पूर्ण स्वामित्व वाली कंपनी है और इसके निदेशकों की नियुक्तियां केंद्र सरकार की निर्धारित प्रक्रिया के तहत की जाती हैं।
राजीव कुमार राणा की नियुक्ति के बाद ECGC के निदेशक मंडल में उनकी भूमिका निर्यात ऋण गारंटी से जुड़े निगम के कामकाज और बोर्ड स्तर की जिम्मेदारियों के संदर्भ में होगी। ECGC का उद्देश्य भारतीय व्यापार को बढ़ावा देना और भारतीय निर्यातकों को उनके ऋण जोखिमों के प्रबंधन में सहायता करना है।

