असल न्यूज़। बुराड़ी थाना क्षेत्र के संगम विहार इलाके में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां गली में खेल रहे करीब दो साल के मासूम बच्चे पर आवारा कुत्ते ने हमला कर दिया। कुत्ते के हमले में बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें गली में खेल रहे बच्चे पर कुत्ते को हमला करते हुए देखा जा सकता है। अचानक हुए हमले से बच्चा संभल नहीं पाया और कुत्ते ने उसे बुरी तरह नोचकर घायल कर दिया।
परिजनों के मुताबिक, बच्चे को गंभीर हालत में इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। बाद में उसे बेहतर इलाज के लिए सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया, जहां बच्चे की प्लास्टिक सर्जरी किए जाने की बात सामने आई है।
घटना के बाद इलाके में चिंता
घटना के बाद स्थानीय लोगों में आवारा कुत्तों को लेकर चिंता बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि इलाके में आवारा कुत्तों की समस्या लंबे समय से बनी हुई है और छोटे बच्चों की सुरक्षा को लेकर विशेष चिंता रहती है।
स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से इलाके में आवारा कुत्तों की समस्या पर प्रभावी कार्रवाई करने और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
फिलहाल घायल बच्चे का इलाज चल रहा है। मामले से जुड़ी विस्तृत जानकारी और बच्चे की स्वास्थ्य स्थिति की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।

