प्रदीप सिंह उज्जैन। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सीलमपुर इलाके में एक बार फिर हत्या की वारदात से दहशत फैल गई। सोमवार देर रात करीब 9:45 बजे गाली-गलौज का विरोध करने पर 55 वर्षीय बुजुर्ग इस्माइल की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना झुग्गी झंडे वाली गली, सीलमपुर की है। इस्माइल अपने घर के बाहर हो रही गाली-गलौज का विरोध करने पहुंचे थे। इसी दौरान आरोपी दानिश ने उन पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
वारदात के दौरान जब एक पड़ोसी ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो आरोपी ने उस पर भी हमला कर दिया और उसकी आंख में चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी दानिश की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करने का दावा किया जा रहा है।

