प्रदीप उज्जैन: राजधानी दिल्ली के नॉर्थ वेस्ट जिला पुलिस द्वारा अशोक विहार स्थित कम्युनिटी सेंटर में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जहां गुमशुदा, चोरी और छीना-झपटी में खोए मोबाइल फोन लोगों को वापस सौंपे गए। कार्यक्रम के दौरान करीब 740 मोबाइल फोन उनके असली मालिकों को लौटाए गए।
इस अवसर, पर माननीय उपराज्यपाल के कार्यक्रम की लाइव स्ट्रीमिंग भी दिखाई गई। लंबे समय से अपने मोबाइल वापस मिलने की उम्मीद छोड़ चुके लोगों के चेहरे उस समय खुशी से खिल उठे, जब पुलिस अधिकारियों ने उन्हें उनके फोन सौंपे।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, साइबर सेल और तकनीकी टीम की मदद से इन मोबाइल फोनों को ट्रैक कर बरामद किया गया। इसके बाद आवश्यक दस्तावेजी जांच और सत्यापन प्रक्रिया पूरी करने के बाद मोबाइल फोन संबंधित मालिकों को लौटाए गए।
कार्यक्रम के दौरान, पुलिस ने लोगों से अपील की कि यदि उनका मोबाइल फोन गुम हो जाए या चोरी हो जाए तो तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते कार्रवाई कर फोन को ट्रैक किया जा सके।
दिल्ली पुलिस की इस पहल को लोगों ने काफी सराहा।, कार्यक्रम में मौजूद लोगों का कहना था कि ऐसे अभियानों से आम जनता का पुलिस पर विश्वास और अधिक मजबूत होता है।

