असल न्यूज़: दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के हजरत निजामुद्दीन थाना क्षेत्र स्थित लोधी कॉलोनी के लोदी श्मशान घाट में शुक्रवार तड़के एक दर्दनाक हादसा हो गया। निर्माण कार्य के दौरान एक सीमा दीवार और उससे सटा स्टोर रूम अचानक ढह गया, जिससे तीन मजदूर मलबे में दब गए। हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की ओर से क्षेत्र में वर्षा जल निकासी और सीवर लाइन बिछाने का कार्य किया जा रहा था। रात करीब 1:08 बजे जेसीबी और हाइड्रा मशीनों की सहायता से खुदाई और पाइप लाइन डालने का काम चल रहा था। इसी दौरान सीमा दीवार और उससे लगा स्टोर रूम भरभराकर गिर पड़ा, जिससे वहां काम कर रहे तीन मजदूर मलबे के नीचे दब गए।
घटना की सूचना मिलते ही अतिरिक्त डीसीपी-2 जसबीर सिंह के नेतृत्व में पुलिस, दमकल विभाग और एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंची। संयुक्त बचाव अभियान चलाकर तीनों मजदूरों को मलबे से बाहर निकाला गया और तत्काल एम्स ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया।
अस्पताल में उपचार के दौरान 50 वर्षीय देवेंद्र को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं, 48 वर्षीय राजेश के चेहरे और होंठ पर चोटें आई हैं, जबकि 20 वर्षीय उमर की हालत स्थिर बताई जा रही है और वह खतरे से बाहर है।
पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है, अधिकारियों का कहना है कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और जिम्मेदारी तय करने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

