असल न्यूज़: उत्तर प्रदेश के अयोध्या जिले के बीकापुर क्षेत्र के रहने वाले कथावाचक पवन देव महाराज एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार उनके खिलाफ बिहार की एक महिला ने दुष्कर्म, मारपीट, धमकी और लाखों रुपये के गहने हड़पने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कौन हैं पवन देव महाराज?
पवन देव महाराज अयोध्या जिले के बीकापुर कोतवाली क्षेत्र स्थित मलेथू कनक गांव के निवासी हैं। वह धार्मिक कथाओं और प्रवचनों के माध्यम से पहचान बना चुके हैं। पवन देव स्वयं को प्रसिद्ध कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर का शिष्य बताते हैं और विभिन्न राज्यों में कथा कार्यक्रमों का आयोजन करते रहे हैं।
धार्मिक गतिविधियों, के अलावा उन्हें 13 मई को करणी सेना का राष्ट्रीय प्रवक्ता भी नियुक्त किया गया था। उनके पिता पंडित रमाकांत शास्त्री धार्मिक अनुष्ठानों से जुड़े बताए जाते हैं।
कथा कार्यक्रम में हुई थी पहचान
शिकायतकर्ता महिला बिहार के सीवान जिले की रहने वाली है। महिला का आरोप है कि वर्ष 2023 में बिहार के चंपारण में आयोजित एक कथा कार्यक्रम के दौरान उसकी मुलाकात पवन देव महाराज से हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच संपर्क बढ़ा और बातचीत लगातार जारी रही।
राम मंदिर दर्शन के बहाने अयोध्या बुलाने का आरोप
महिला ने आरोप लगाया है कि जुलाई 2025 में पवन देव महाराज ने उसे राम मंदिर में दर्शन कराने के बहाने अयोध्या बुलाया। महिला के अनुसार, उसे वीआईपी दर्शन कराने का आश्वासन दिया गया था। वह अपने बेटे के साथ अयोध्या पहुंची और कथावाचक के घर में ठहरी।
महिला का आरोप है, कि इसी दौरान कथावाचक ने उसके साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर शादी का आश्वासन दिया गया, जिसके चलते उसने तत्काल पुलिस में शिकायत नहीं की।
मंदिर में विवाह का दावा
महिला का कहना है कि 17 अगस्त 2025 को अयोध्या के नाका हनुमानगढ़ी क्षेत्र स्थित एक मंदिर में दोनों ने विवाह किया था। इसके बाद वह कुछ समय तक कथावाचक के घर में रही। महिला का दावा है कि इस दौरान वह गर्भवती भी हुई थी।
हालांकि बाद में उसे वापस मायके भेज दिया गया, महिला का आरोप है कि विरोध करने पर उसे कानूनी कार्रवाई और अन्य परिणामों का डर दिखाया गया।
गहने हड़पने और मारपीट का भी आरोप
शिकायतकर्ता के अनुसार, वह अपने साथ मायके और ससुराल से मिले करीब 10 लाख रुपये मूल्य के जेवर लेकर अयोध्या आई थी। उसका आरोप है कि लौटते समय अधिकांश गहने और कीमती सामान कथावाचक के पास ही रह गए।
महिला ने यह भी आरोप लगाया है, कि बाद में पवन देव महाराज और उनके पिता उसके घर पहुंचे, जहां विवाद के दौरान उसके साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई।
पुलिस जांच में जुटी
महिला की शिकायत पर बीकापुर कोतवाली पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। उपलब्ध साक्ष्यों, दस्तावेजों और दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का कहना है, कि मामला संवेदनशील है और जांच पूरी होने के बाद ही आरोपों की सत्यता तथा आगे की कार्रवाई को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

