असल न्यूज़: राजधानी दिल्ली के मंगोलपुरी इलाके में शुक्रवार तड़के स्थित फर्नीचर मार्केट में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग ने देखते ही देखते छह दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे लाखों रुपये के नुकसान की आशंका है। आग की चपेट में आने से एक टेम्पो भी क्षतिग्रस्त हो गया।
सूचना मिलते ही दिल्ली, फायर सर्विस की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। दमकल कर्मियों ने घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
दिल्ली फायर सर्विस के अधिकारियों के अनुसार, आग शुक्रवार तड़के मंगोलपुरी स्थित फर्नीचर मार्केट में लगी थी। आग तेजी से फैलने के कारण आसपास की कई दुकानों को भी खतरा पैदा हो गया था। हालांकि समय रहते दमकल विभाग ने स्थिति को नियंत्रण में कर लिया।
घटना में छह दुकानें पूरी तरह जलकर खाक हो गईं, जबकि पास में खड़ा एक टेम्पो भी आग की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है, पुलिस और दमकल विभाग की टीम मामले की जांच में जुटी हुई है।

