असल न्यूज़: बिहार की राजधानी पटना में चर्चित कोचिंग विवाद मामले में खान सर उर्फ फैजल खान को फिलहाल राहत नहीं मिली है। उनकी जमानत याचिका पर सुनवाई एक बार फिर टल गई है। अब इस मामले में अदालत शनिवार को सुनवाई करेगी। पुलिस की केस डायरी अधूरी होने के कारण गुरुवार को जमानत याचिका पर सुनवाई नहीं हो सकी।
जानकारी के अनुसार, पटना के मुसल्लहपुर इलाके में खान सर और रौशन आनंद के बीच हुए विवाद से जुड़े मामले की सुनवाई के दौरान पुलिस द्वारा पूरी केस डायरी अदालत में प्रस्तुत नहीं की गई थी। इसी वजह से कोर्ट ने सुनवाई को अगली तारीख तक स्थगित कर दिया।
रौशन आनंद के सहयोगियों को मिली जमानत
दूसरी ओर, इस मामले में रौशन आनंद के सहयोगी अभिषेक और गौरव को पटना सिविल कोर्ट से जमानत मिल गई है। अदालत ने सुनवाई के दौरान माना कि दोनों पर लगाए गए आरोप प्रथम दृष्टया मजबूत नहीं हैं। इससे पहले रौशन आनंद को भी इसी मामले में जमानत मिल चुकी है।
रौशन आनंद के अधिवक्ता राघव कुमार ने बताया कि अभिषेक और गौरव को उसी आधार पर बेल मिली है, जिस आधार पर रौशन आनंद को जमानत दी गई थी। उन्होंने कहा कि कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद दोनों को भी रिहा कर दिया जाएगा।
क्या है पूरा मामला?
यह विवाद 2 जून 2026 को पटना के मुसल्लहपुर इलाके में स्थित दो कोचिंग संस्थानों के बीच शुरू हुआ था। आरोप है कि पहले खान सर की जीएस ग्लोबल स्टडीज के एक गार्ड के साथ मारपीट की गई। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ गया।
घटना के बाद खान सर ने फायरिंग का आरोप लगाया था, हालांकि बाद में उन्होंने अपने बयान में बदलाव किया। पुलिस जांच के दौरान खान सर के दो बॉडीगार्ड गिरफ्तार किए गए थे। वहीं रौशन आनंद को भी पुलिस ने हिरासत में लिया था।
पुलिस का दावा है, कि पूछताछ के दौरान दोनों बॉडीगार्ड्स ने स्वीकार किया कि उन्होंने खान सर के निर्देश पर हवा में गोलियां चलाई थीं। मामले की जांच अभी जारी है और अदालत में अगली सुनवाई शनिवार को होगी।
फिलहाल सभी की नजरें अदालत के अगले फैसले पर टिकी हैं, जिससे खान सर की जमानत पर स्थिति साफ हो सकेगी।

